
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Online Payment Fraud : शहर में ऑनलाइन पेमेंट फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे व्यापारियों और दुकानदारों में चिंता का माहौल है। ताजा मामला रेलवे रोड इलाके से सामने आया, जहां बाइक सवार दो युवकों ने फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदार को ठगने की कोशिश की। हालांकि दुकानदार की सतर्कता के चलते आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार शाम के समय रेलवे रोड स्थित एक दुकान पर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। इनमें से एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर जाकर सामान खरीदने लगा। सामान लेने के बाद युवक ने दुकानदार से कहा कि वह ऑनलाइन पेमेंट करेगा। उसने मोबाइल फोन स्कैनर के सामने लगाकर पेमेंट करने का नाटक किया और कुछ देर बाद पुराना स्क्रीनशॉट दिखाकर दावा किया कि पैसे ट्रांसफर हो चुके हैं। दुकानदार को जब शक हुआ तो उसने युवक को थोड़ी देर रुकने के लिए कहा और बताया कि उसके मोबाइल पर अभी तक भुगतान का मैसेज नहीं आया है। इतना सुनते ही दोनों युवक तुरंत बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
Online Payment Fraud : पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक कुछ दिन पहले भी रेलवे रोड मार्केट की एक किराना दुकान पर इसी तरह की ठगी की घटना सामने आई थी। उस मामले में आरोपी ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर सामान लेकर फरार हो गए थे।
व्यापार मंडल ने जारी की चेतावनी
व्यापार मंडल के नेताओं ने दुकानदारों से अपील की है कि वे सिर्फ स्क्रीनशॉट देखकर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि सामान देने से पहले भुगतान का मैसेज मोबाइल या बैंक अकाउंट में पूरी तरह कन्फर्म करना जरूरी है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे ठग गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


