
चेन्नई, 8 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Tamil Nadu political crisis : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति को बेहद दिलचस्प मोड़ पर ला खड़ा किया है। किसी भी दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, जिसके बाद सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी बनने का दावा किया है। हालांकि पार्टी अभी भी बहुमत के आंकड़े से दूर है।
विजय ने DMK-AIADMK से समर्थन लेने से किया इनकार
सूत्रों के मुताबिक टीवीके प्रमुख विजय कई बार राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर चुके हैं, लेकिन पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण अब तक उन्हें सरकार गठन का न्योता नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि विजय ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम से समर्थन नहीं लेंगे।
DMK-AIADMK गठबंधन की चर्चाओं ने बढ़ाया सियासी तापमान
इधर टीवीके को सरकार बनाने का निमंत्रण न मिलने के बाद राज्य में नई राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खबर हैं कि डीएमके और एआईएडीएमके के बीच संभावित समझौते की कोशिशें चल रही हैं। राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा की भी अहम भूमिका हो सकती है। अगर दोनों दलों के बीच सहमति बनती है तो नया गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश कर सकता है।
स्टालिन ने विधायकों को चेन्नई में रहने को कहा
द्रमुक अध्यक्ष और निवर्तमान मुख्यमंत्री M. K. Stalin ने गुरुवार को पार्टी के नव-निर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विधायकों को 10 मई तक चेन्नई में रहने के निर्देश दिए और पार्टी नेतृत्व के फैसलों का पालन करने को कहा। स्टालिन ने कहा कि उनकी इच्छा मजबूत और रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की है, लेकिन पार्टी हित में जरूरी फैसले लिए जाएंगे।
Tamil Nadu political crisis : TVK ने दी इस्तीफे की चेतावनी
डीएमके और एआईएडीएमके के संभावित गठबंधन की खबरों पर टीवीके ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी का कहना है कि अगर दोनों दल मिलकर सरकार बनाने की कोशिश करते हैं तो टीवीके के सभी 108 विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। टीवीके नेताओं का तर्क है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को विजय को सरकार गठन के लिए आमंत्रित करना चाहिए।
तमिलनाडु विधानसभा का पूरा गणित
234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है।
- TVK – 108 सीट
- DMK – 59 सीट
- AIADMK – 47 सीट
- Congress – 5 सीट
- PMK – 4 सीट
- BJP – 1 सीट
- AMMK – 1 सीट
- IUML, CPI, CPM और VCK – 2-2 सीट
- DMDK – 1 सीट
हालांकि कांग्रेस ने टीवीके को अपने पांच विधायकों का समर्थन देने की पेशकश की है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी बहुमत के आंकड़े से दूर है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


