
संभल, 7 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Wedding Controversy : संभल के देऊपुरा गांव में एक शादी उस वक्त चर्चा का विषय बन गई, जब फेरों से ठीक पहले मंडप में अचानक दो युवतियां दुल्हन बनकर पहुंच गईं। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से शादी समारोह में हड़कंप मच गया और माहौल खुशी से तनाव में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, गांव में बुधवार को पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी समारोह चल रहा था। बारात आ चुकी थी, स्वागत और खानपान की रस्में भी पूरी हो चुकी थीं। अग्नि के सामने फेरे शुरू होने वाले थे कि तभी अचानक दो युवतियां मंडप में आकर बैठ गईं। यह नजारा देखकर वहां मौजूद बाराती और घराती हैरान रह गए।
दूल्हे ने दूसरी युवती से शादी से किया इनकार
बताया जा रहा है कि दूल्हा इस स्थिति से नाराज हो गया और उसने साफ शब्दों में कह दिया कि वह सिर्फ उसी युवती से शादी करेगा, जिससे उसका रिश्ता पहले से तय हुआ था। उसने दूसरी युवती के साथ शादी की रस्में निभाने से इनकार कर दिया और मंडप छोड़ने की बात कह दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और शादी का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
Wedding Controversy : मामला पहुंचा थाने
स्थिति बिगड़ती देख गांव के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो मामला राजपुरा पुलिस थाना पहुंच गया। थाने में दिनभर पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों और गांव के लोगों ने समझौते की कोशिश की।
देर रात दोबारा शुरू हुई शादी
काफी देर चली बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार सहमति बनी कि दूल्हा उसी युवती से विवाह करेगा, जिससे उसका रिश्ता पहले से तय था। समझौते के बाद देर शाम दोबारा शादी की रस्में शुरू हुईं और रात में एक ही दुल्हन की विदाई कर बारात वापस लौट गई। पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


