
नई दिल्ली, 28 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- India defense budget : भारत ने साल 2025 में अपनी सैन्य ताकत को मजबूत करने के लिए रक्षा खर्च में बड़ा इजाफा किया है। स्टॉकहोम अंतर्राष्ट्रीय शांति अनुसंधान संस्थान (SIPRI) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा सैन्य खर्च करने वाले देशों की सूची में भारत अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। इस सूची में संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन, रूस और जर्मनी भारत से आगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 2025 में भारत का कुल रक्षा खर्च 92.1 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल की तुलना में 8.9 प्रतिशत अधिक है। वैश्विक सैन्य खर्च में भारत की हिस्सेदारी 3.2 प्रतिशत दर्ज की गई।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ बना बड़ा कारण
रक्षा खर्च में इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ चलाया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ बताया जा रहा है। इस अभियान के दौरान भारत की सेना ने आपातकालीन आधार पर हथियारों और जरूरी सैन्य उपकरणों की बड़े स्तर पर खरीद की थी, ताकि किसी भी युद्ध जैसी स्थिति से निपटा जा सके।
चीन और पाकिस्तान का हाल
चीन दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सैन्य खर्च करने वाला देश बना हुआ है। उसने अपने रक्षा बजट में 7.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की और कुल खर्च 336 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वहीं पाकिस्तान ने आर्थिक संकट के बावजूद रक्षा खर्च में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। पाकिस्तान का कुल सैन्य खर्च 11.9 अरब डॉलर रहा और वह इस सूची में 31वें स्थान पर है।
India defense budget : रूस पर निर्भरता कम
भारत अब हथियारों के लिए सिर्फ रूस पर निर्भर नहीं है। भारत ने फ्रांस, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका जैसे देशों से रक्षा खरीद बढ़ाई है। रिपोर्ट के अनुसार भारत के कुल हथियार आयात में रूस की हिस्सेदारी पहले 70 प्रतिशत थी, जो 2021-25 के दौरान घटकर 40 प्रतिशत रह गई। हालांकि, भारत अभी भी दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हथियार आयातक देश बना हुआ है और वैश्विक हथियार आयात में उसकी हिस्सेदारी 8.2 प्रतिशत है।
रक्षा बजट में और बढ़ोतरी
भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए भारत सरकार ने 2026-27 के बजट में रक्षा क्षेत्र के लिए 7.85 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसमें से 2.19 लाख करोड़ रुपये नए हथियार, लड़ाकू विमान, पनडुब्बियां और ड्रोन खरीदने पर खर्च किए जाएंगे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


