
नई दिल्ली, 10 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Middle East War : देश के कई हिस्सों में कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडरों की अचानक कमी से होटल, रेस्टोरेंट और कई अन्य कारोबारों में चिंता बढ़ गई है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में रेस्टोरेंट एसोसिएशनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कई खाने-पीने के प्रतिष्ठानों को बंद करना पड़ सकता है।
बेंगलुरु में तो विरोध के रूप में कई होटल और रेस्तरां संचालकों ने अपना कामकाज अस्थायी रूप से बंद भी कर दिया है।
कई शहरों में दिखने लगा गैस संकट
मुंबई, बेंगलुरु और अन्य बड़े शहरों में कमर्शियल एलपीजी की कमी का असर साफ दिखाई देने लगा है। जानकारी के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और वैश्विक आपूर्ति में आई बाधाओं के कारण एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसके चलते होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को कुकिंग गैस प्राप्त करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Middle East War : कमर्शियल सिलेंडरों की रिफिलिंग पर रोक
केंद्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए एलपीजी कंपनियों को निर्देश दिया है कि फिलहाल 19 किलोग्राम, 47.5 किलोग्राम और 425 किलोग्राम वाले व्यावसायिक सिलेंडरों की रिफिलिंग रोक दी जाए।
रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण प्रोपेन और ब्यूटेन जैसे एलपीजी घटकों की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसके चलते पुणे में गैस आधारित श्मशान घाटों को भी अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है।
रेस्तरां संचालकों का कहना है कि रविवार से कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई लगभग बंद हो गई है, जबकि घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी भी बुकिंग के बाद 2 से 8 दिन की देरी से मिल रही है।
कई राज्यों में सप्लाई प्रभाव
पंजाब में 8 मार्च से गैर-घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी गई है। हिमाचल प्रदेश के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में भी व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद कई दिनों तक सिलेंडर का इंतजार करना पड़ रहा है।
इन क्षेत्रों में पैकेजिंग, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग और गत्ता निर्माण जैसे उद्योगों में बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग होता है, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है।
कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आईं
गैस संकट के बीच कई जगह एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी शिकायतें भी सामने आई हैं। कुछ लोग एजेंसियों से सिलेंडर न मिलने पर 1400 से 1500 रुपये तक में सिलेंडर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि गैस एजेंसियों का दावा है कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
इस बीच गाजियाबाद में भी व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में गैस भरने पर रोक लगा दी गई है। वहीं झुमरीतिलैया में इंडेन गैस वितरक के अनुसार कंपनियों ने सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया है, जिसके बाद अब उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद ही अगला सिलेंडर मिल सकेगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


