
इस्लामाबाद/काबुल (वीकैंड रिपोर्ट) Pakistan Afghanistan War : पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते सैन्य टकराव ने अब खुली जंग का रूप ले लिया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने आधिकारिक तौर पर कहा कि दोनों देशों के बीच “ओपन वॉर” की स्थिति बन चुकी है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन ग़ज़ब लिल हक़’ शुरू करने का दावा किया है, जबकि तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर काबुल और कंधार समेत कई क्षेत्रों में हवाई हमले करने का आरोप लगाया है।

तनाव उस समय चरम पर पहुंच गया जब पाकिस्तान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के काबुल और कंधार में बमबारी की। पाकिस्तान का दावा है कि इन हमलों में 133 अफगान लड़ाके मारे गए, जबकि अफगानिस्तान का कहना है कि उसके जवाबी हमले में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।
Pakistan Afghanistan War : काबुल में धमाके, कई ठिकाने निशाने पर
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि काबुल में कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने कंधार और दक्षिण-पूर्वी प्रांत पकतिया में भी हवाई हमले किए। हालांकि, तत्काल हताहतों का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।

अफगान जवाबी कार्रवाई का दावा
अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में अफगान सेना ने सीमा पार कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के भीतर कई सैन्य चौकियों को निशाना बनाया और एक दर्जन से अधिक चौकियों पर कब्जा करने का दावा किया। इस जमीनी कार्रवाई में अफगानिस्तान के आठ सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि भी की गई है।
टोरखम सीमा के पास पाकिस्तान से लौट रहे लोगों के शिविर पर मोर्टार गिरने से कई नागरिक घायल हुए, जिनमें सात शरणार्थी शामिल हैं। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीमा क्षेत्र अक्टूबर की झड़पों के बाद से लगभग बंद है, हालांकि अफगान नागरिकों को वापसी की अनुमति दी जा रही है।

पाकिस्तान का पलटवार: दो ब्रिगेड ठिकाने नष्ट करने का दावा
Pakistan Afghanistan War : पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उसकी सेना ने काबुल, कंधार और पकतिया में अफगान सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर दो ब्रिगेड ठिकानों को नष्ट कर दिया। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि यह कार्रवाई सीमा पार से हुई गोलीबारी के जवाब में की गई। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान द्वारा पाक चौकियों पर कब्जे के दावों को खारिज किया है।
सरकारी प्रसारण के अनुसार, काबुल में दो ब्रिगेड मुख्यालय, कंधार में एक कोर मुख्यालय और ब्रिगेड मुख्यालय, गोला-बारूद डिपो और लॉजिस्टिक बेस तथा पकतिया में एक कोर मुख्यालय को निशाना बनाया गया।
दोनों देशों के बीच बढ़ती सैन्य कार्रवाई ने क्षेत्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और दक्षिण एशिया में बड़े संघर्ष की आशंका को बढ़ा दिया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


