
रायपुर (वीकैंड रिपोर्ट)- Raipur Petrol Pump Fire : छत्तीसगढ की राजधानी रायपुर के उरला इलाके में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीने से रोके जाने पर युवक ने गुस्से में फ्यूल नोजल में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र क्षत्री और इमरान नाम के दो युवक बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इमरान बाइक पर बैठा रहा, जबकि धर्मेंद्र ने पास खड़े होकर सिगरेट जलाने के लिए लाइटर निकाला। कर्मचारियों द्वारा धूम्रपान से मना करने पर वह भड़क गया और पेट्रोल भर रहे नोजल पाइप को ही आग के हवाले कर दिया।
कर्मचारियों की सतर्कता से बची बड़ी अनहोनी
आग लगते ही लपटें तेजी से बाइक के फ्यूल टैंक और पंप मशीन तक फैल गईं। वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने तुरंत फ्यूल पाइप को खींचकर अलग किया और मुख्य ईंधन सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। यदि कुछ मिनटों की भी देरी होती, तो आग पास खड़े वाहनों और पेट्रोल स्टोरेज एरिया तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा धमाका हो सकता था।
Raipur Petrol Pump Fire : दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना के दौरान कुछ जलता हुआ ईंधन आरोपियों पर भी गिरा। वारदात के बाद दोनों युवक भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कर्मचारियों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उरला थाने के इंस्पेक्टर रोहित महेलकर के अनुसार, पंप मैनेजर की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ आगजनी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंप पर सुरक्षा नियमों के पालन की अहमियत को उजागर कर दिया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


