
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar Main Road Block : जालंधर में आज श्री राम चौक (कंपनी बाग) में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम के चलते शहर की एक प्रमुख सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया। सुबह से ही भगवान वाल्मीकि चौक से श्री राम चौक की ओर जाने वाली सड़क पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह सड़क जालंधर के सिविल अस्पताल की ओर जाती है और दूसरी तरफ प्रसिद्ध दिलकुशा मार्केट स्थित है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग दवाइयां लेने और इलाज के लिए आते हैं। सड़क बंद होने के कारण न केवल स्थानीय निवासी बल्कि मरीज और उनके परिजन भी प्रभावित हुए।
Jalandhar Main Road Block : मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ने देखा कि पुलिस बैरिकेडिंग के कारण एंबुलेंस को भी रोका गया। एंबुलेंस को सीधे जाने की अनुमति नहीं दी गई और दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा गया, जिससे मरीजों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ी। मजबूरन एंबुलेंस को लंबा रास्ता अपनाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को कार्यक्रम के दौरान वैकल्पिक मार्गों की स्पष्ट व्यवस्था करनी चाहिए थी, खासकर उस सड़क पर जो अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान तक जाती है। वहीं पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। फिलहाल सड़क बंद होने से यातायात प्रभावित है और लोगों को दूसरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





