
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Lucky Oberoi Murder Case : Jalandhar के मॉडल टाउन इलाके में हुए चर्चित लक्की ओबरॉय हत्याकांड की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से करीब 44 दिनों में रची गई। जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस साजिश में लक्की ओबरॉय का एक नौकर भी संदिग्ध भूमिका में बताया जा रहा है, जो घटना के बाद से लापता है। फिलहाल पंजाब और हिमाचल प्रदेश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और हर एंगल से मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुई मौत की कहानी
जांच के दौरान सामने आया है कि गैंगस्टर Joga Foldiwal ने 25 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए लक्की ओबरॉय को खुलेआम धमकी दी थी। उस समय इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन ठीक 44 दिन बाद मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे के बाहर दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर लक्की ओबरॉय की हत्या कर दी गई।
दोस्ती से दुश्मनी तक का सफर
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या से कुछ महीने पहले तक लक्की ओबरॉय और जोगा फोलड़ीवाल के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों साथ जन्मदिन मनाते, सोशल मीडिया पर एक-दूसरे की पोस्ट शेयर करते और करीबी दोस्त माने जाते थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों के रिश्तों में दरार निजी और राजनीतिक कारणों से पड़ी। खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर टकराव खुलकर सामने आया। कॉलेज चुनाव में लक्की ओबरॉय ने अपनी ताकत दिखाते हुए जोगा को नजरअंदाज किया और अपने समर्थक को प्रधान बनवा दिया। यहीं से दोस्ती दुश्मनी में बदल गई।
Lucky Oberoi Murder Case : हत्या वाले दिन गुरुद्वारे के बाहर बरसी गोलियां
हत्या के दिन लक्की ओबरॉय मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे के बाहर मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से लक्की का एक नौकर गायब है, जिसे पुलिस अहम कड़ी मान रही है।
गैंगस्टर कनेक्शन और अमेरिका कनेक्शन
जांच में यह भी सामने आया है कि जोगा फोलड़ीवाल के चाचा गुरविंदर बाबा के साथ भी लक्की ओबरॉय के रिश्ते बिगड़ चुके थे। बाद में जोगा ने अपना गैंग बदलकर कुख्यात गैंगस्टर सोनू खत्री से हाथ मिला लिया और अवैध रूप से अमेरिका चला गया।
राजनीति में एंट्री और बढ़ता प्रभाव
लक्की ओबरॉय ने वर्ष 2022 के आसपास Aam Aadmi Party जॉइन की थी। पार्टी में शामिल होने के बाद वे जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हो गए और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में उनकी पहचान तेजी से बढ़ी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं उनकी बढ़ती राजनीतिक ताकत ही हत्या की वजह तो नहीं बनी।
Lucky Oberoi Murder Case : सोशल मीडिया और लग्जरी लाइफस्टाइल भी जांच के घेरे में
लक्की ओबरॉय सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। फेसबुक रील्स और पोस्ट में उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल और बैकग्राउंड में बजते गैंगस्टर कल्चर से जुड़े गाने अब पुलिस की जांच के दायरे में हैं। फिलहाल जालंधर पुलिस गैंगस्टर एंगल, राजनीतिक रंजिश और निजी दुश्मनी—तीनों पहलुओं से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का पूरा खुलासा किया जाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





