
अमृतसर (वीकैंड रिपोर्ट)- NRI Wife Murder : कोर्ट रोड स्थित एक होटल में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से खून से सनी एक युवती की लाश बरामद हुई। मृतका की पहचान प्रभजोत कौर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुरदासपुर की रहने वाली थी और शादी के बाद अपने पति के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहती थी।
जानकारी के अनुसार, होटल स्टाफ को उस समय शक हुआ जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और महिला का पति भी होटल वापस नहीं लौटा। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि महिला की लाश बिस्तर के नीचे पड़ी थी। उसके पेट, गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले।
मृतका के भाई लवप्रीत सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रभजोत की हत्या उसके पति मनदीप सिंह ने चरित्र पर शक के चलते की। उन्होंने बताया कि प्रभजोत का छह महीने का बेटा है, जिसे पति रात को घर पर ही छोड़ गया था। बताया गया कि पति ने यह कहकर घर छोड़ा था कि वे अमृतसर घूमने जा रहे हैं।
NRI Wife Murder : पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी पति होटल से फरार है। उसका परिवार विदेश में रहता है और आशंका है कि वह देश छोड़कर भाग सकता है। लाश का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
ACP लखविंदर सिंह कलेर ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। परिवार के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। परिवार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





