
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट): Punjab Weather Update : पंजाब में ठंड ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पूरा प्रदेश इस समय तीव्र शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। मौसम विभाग ने 5 और 6 जनवरी के लिए कोहरा, कोल्ड डे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, यह सर्द मौसम 9 जनवरी तक बना रह सकता है, जिससे दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
48 घंटों में और गिरेगा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के औसत तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री नीचे चल रहा है। होशियारपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अमृतसर में पूरे दिन धूप नहीं निकलने के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री और गिरावट आ सकती है।
Punjab Weather Update : घने कोहरे से यातायात प्रभावित
रविवार को पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह हालात इतने खराब रहे कि सूरज तक नजर नहीं आया। अमृतसर में दृश्यता शून्य मीटर, बल्लोवाल में 50 मीटर और गुरदासपुर में करीब 200 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के कारण सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
18 जिलों में बेहद घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और मलेरकोटला में बेहद घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा पठानकोट, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में भी कई स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। कई जिलों में शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने का अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





