
ओंटारियो/कनाडा (वीकैंड रिपोर्ट)- YouTuber Nancy Grewal Murder : कनाडा से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल की सोशल मीडिया एक्टिविस्ट और यूट्यूबर नैंसी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार रात ओंटारियो में हुई, जिससे भारतीय और पंजाबी समुदाय में शोक और आक्रोश का माहौल है।
चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे चाकूबाजी की सूचना मिलने पर पुलिस और मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर नैंसी ग्रेवाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं और उनके शरीर पर कई चाकू के घाव थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जांच के लिए इलाके को किया गया सील
घटना के बाद बुधवार सुबह टॉड लेन इलाके में कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच स्थित दो घरों को सुरक्षा बलों ने घेर लिया। पुलिस जांच टीम को घर के सामने सीढ़ियों पर घटना से जुड़े कई अहम सबूत मिले हैं। लासेल पुलिस सेवा के मुताबिक, संदिग्ध हमलावरों की तलाश जारी है और पुलिस ने स्थानीय लोगों से किसी भी तरह की जानकारी साझा करने की अपील की है। जांच में मदद के लिए आसपास के घरों से सीसीटीवी फुटेज भी मांगे गए हैं।
YouTuber Nancy Grewal Murder : सोशल मीडिया पर थीं काफी सक्रिय
विंडसर की रहने वाली नैंसी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और पंजाब से जुड़े सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखती थीं। उन्होंने कई बार अमृतपाल सिंह, बिक्रम सिंह मजीठिया और गुरिंदर सिंह ढिल्लों से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर टिप्पणी की थी। इसके अलावा उन्होंने खालिस्तान समर्थक गतिविधियों की आलोचना की थी और भारत-कनाडा संबंधों को लेकर भी अपने विचार सार्वजनिक किए थे।
पहले भी उठा चुकी थीं कई मुद्दे
पिछले वर्ष बठिंडा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की मौत के बाद भी नैंसी ग्रेवाल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी आवाज उठाई थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


