
बैंकॉक (वीकैंड रिपोर्ट)- Thailand School Shooting : दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई जिले में बुधवार को एक स्कूल में बंदूकधारी के घुसने से अफरातफरी मच गई। प्रशासन के अनुसार, सोंगखला प्रांत स्थित पातोंगप्रथान खिरिवात स्कूल में छुट्टी से ठीक पहले 18 वर्षीय युवक हथियार लेकर परिसर में दाखिल हुआ। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने कुछ शिक्षकों और बच्चों को बंधक बना लिया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही हथियारबंद पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। कई छात्र स्कूल से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कुछ शिक्षक और विद्यार्थी इमारत के अंदर फंसे रहे—जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि बंदूकधारी को हिरासत में ले लिया गया है और बंधक बनाए गए सभी लोगों को रिहा करा दिया गया है।
Thailand School Shooting : कम से कम 3 घायल, पूछताछ जारी
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया के हवाले से यह भी सामने आया है कि हमलावर ने स्कूल के हेडमास्टर पर गोली चलाई। घायलों का इलाज जारी है। हाट याई प्रशासन ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हमले के कारणों की जांच की जा रही है।
2022 की घटना की याद ताजा
यह घटना 2022 में थाईलैंड के पूर्वी हिस्से में हुए उस भीषण हमले की याद दिलाती है, जब एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने नर्सरी में बंदूक और चाकू से हमला कर 22 बच्चों सहित 36 लोगों की हत्या कर दी थी। ताजा घटना के बाद स्कूल सुरक्षा को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





