
वृंदावन (वीकैंड रिपोर्ट)- Nidhivan Story : भारत के कई धार्मिक स्थान अपने भीतर इतिहास और रहस्यों को समेटे हुए हैं। इन्हीं में से एक बेहद रहस्यमयी और पवित्र स्थान है वृंदावन का निधिवन। यह जगह केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि अपने अनोखे रहस्यों के कारण भी दुनिया भर के श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करती है।
मान्यता है कि निधिवन में आज भी हर रात भगवान कृष्ण गोपियों के साथ रास रचाते हैं। यही वजह है कि मंदिर परिसर को संध्या आरती के बाद पूरी तरह बंद कर दिया जाता है और रात में वहां कोई नहीं रहता। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम होते ही यहां रहने वाले पशु-पक्षी भी वन को छोड़कर चले जाते हैं।
Nidhivan Story : रंग महल से जुड़ा रहस्य
निधिवन के भीतर स्थित रंग महल को लेकर भी कई मान्यताएं प्रचलित हैं। कहा जाता है कि यहां हर रात राधा और कृष्ण विश्राम करने आते हैं।
रात के समय उनके लिए चंदन की पलंग, पानी का लोटा, दातुन, पान और श्रृंगार का सामान रख दिया जाता है। सुबह जब मंदिर के पट खुलते हैं तो बिस्तर अस्त-व्यस्त, पानी का लोटा खाली और पान खाया हुआ मिलता है, जिसे भक्त चमत्कार मानते हैं।
शाम के बाद कोई नहीं रुकता
स्थानीय मान्यता के अनुसार संध्या आरती के बाद निधिवन में किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं होती। लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति छुपकर रासलीला देखने की कोशिश करता है तो उसका मानसिक संतुलन बिगड़ सकता है।
इसी कारण रात करीब 8 बजे के बाद मंदिर परिसर पूरी तरह खाली कर दिया जाता है और मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया जाता है।
Nidhivan Story : रहस्यमयी पेड़ों की बनावट
करीब दो से ढाई एकड़ क्षेत्र में फैले निधिवन के पेड़ों की बनावट भी बेहद अनोखी है। यहां के अधिकतर पेड़ टेढ़े-मेढ़े और आपस में गुंथे हुए दिखाई देते हैं।
वन में लगे तुलसी के पेड़ जोड़ों में पाए जाते हैं। मान्यता है कि रात में ये पेड़ गोपियों का रूप धारण कर लेते हैं, जो कृष्ण के साथ रास करते हैं और सुबह फिर पेड़ों में बदल जाते हैं।
एक टहनी भी नहीं ले जाते लोग
स्थानीय लोगों का मानना है कि निधिवन से कोई भी तुलसी की टहनी घर नहीं ले जाता। कहा जाता है कि ऐसा करने वालों के साथ अनहोनी घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए लोग इन पेड़ों को छूने से भी बचते हैं।
निधिवन के आसपास बने कई घरों में वन की ओर खिड़कियां नहीं बनाई गई हैं। जिन घरों में खिड़कियां हैं, वहां के लोग शाम की आरती के बाद उन्हें बंद कर देते हैं।
निधिवन से जुड़े ये रहस्य और मान्यताएं आज भी लोगों को आस्था और आध्यात्मिकता से जोड़ती हैं, जिसके कारण यह स्थान वृंदावन के सबसे रहस्यमयी धार्मिक स्थलों में गिना जाता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


