
गुरदासपुर (वीकैंड रिपोर्ट)- Gurdaspur robbery : पंजाब के गुरदासपुर में बुधवार सुबह दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, नगर सुधार ट्रस्ट की स्कीम नंबर-5, जेल रोड इलाके में रहने वाले सर्राफ वरुण कुमार के घर कुछ अज्ञात हमलावर निहंग वेश में पहुंचे और परिवार को बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए।
निहंग वेश में पहुंचे 5-6 आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे 5-6 व्यक्ति निहंग बाणे में वरुण कुमार के घर पहुंचे। उस समय घर के बाहर उनका ड्राइवर कार धो रहा था। आरोपियों ने उससे घर के मालिक के बारे में पूछताछ की और जैसे ही उन्हें अंदर ले जाया गया, उन्होंने पिस्तौल की नोक पर पूरे परिवार को काबू में कर लिया।

परिवार को बांधकर की लूट
बदमाशों ने घर के सभी सदस्यों को रस्सियों से बांध दिया और उनके मुंह पर टेप लगा दी। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद तिजोरी से नकदी और सोने के गहने लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वरुण कुमार की कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
Gurdaspur robbery : CCTV का DVR भी साथ ले गए
बताया जा रहा है कि लुटेरे घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए ताकि उनकी पहचान न हो सके। सूत्रों के अनुसार, बदमाश करीब 2 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात लूटकर फरार हुए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और इलाके में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


