
लुधियाना, 29 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Dairy Farmers Protest : लुधियाना में सीवरेज व्यवस्था की बदहाली को लेकर डेयरी संचालकों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। नगर निगम और जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए डेयरी एसोसिएशन ने सोमवार को बड़े आंदोलन का ऐलान कर दिया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हंबड़ा रोड पर मुकम्मल चक्का जाम किया जाएगा और बड़ी संख्या में गाय-भैंसों के साथ डिप्टी कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
सीवरेज व्यवस्था ठप, गंदे पानी में खड़े रहने को मजबूर पशु
डेयरी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि इलाके का सीवरेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। सड़कों, गलियों और डेयरी परिसरों में सीवरेज का गंदा पानी जमा होने से हालात बेहद खराब हो गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर दुधारू पशुओं पर पड़ रहा है, जिन्हें कई-कई घंटे गंदे पानी में खड़ा रहना पड़ता है। एसोसिएशन का कहना है कि इससे पशुओं के बीमार होने का खतरा बढ़ रहा है और दूध उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है। वहीं स्थानीय लोगों को भी बदबू और गंदगी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
21 दिन पहले भी किया था प्रदर्शन
डेयरी एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप सिंह लाहोरिया ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। करीब 21 दिन पहले भी डेयरी संचालकों ने गोबर से भरी ट्रालियां लेकर नगर निगम के जोन-डी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। उस दौरान स्थानीय पार्षदों ने भी प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए निगम कार्यालय के बाहर गोबर फेंका था। अधिकारियों ने तब जल्द समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन आज तक हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
Dairy Farmers Protest : गोबर निपटारे की व्यवस्था नहीं, डेयरी मालिकों पर कार्रवाई
एसोसिएशन का आरोप है कि नगर निगम ने डेयरियों से निकलने वाले गोबर के वैज्ञानिक निपटारे के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं बनाई है। इसके बावजूद डेयरी संचालकों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज किए जा रहे हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि पशुओं को नहलाने के बाद निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए भी कोई वैकल्पिक ड्रेनेज सिस्टम उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
सोमवार को होगा बड़ा प्रदर्शन
डेयरी एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि यदि सोमवार तक प्रशासन की ओर से सीवरेज सफाई और गोबर निपटारे को लेकर कोई ठोस लिखित योजना नहीं दी गई, तो हंबड़ा रोड पूरी तरह जाम कर दिया जाएगा। इसके बाद सैकड़ों गाय-भैंसों के साथ डीसी कार्यालय का घेराव किया जाएगा और नगर निगम के जोन-डी कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


