
अबोहर (वीकैंड रिपोर्ट)- Abohar Murder Case : पंजाब के अबोहर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। फाजिल्का जिले के अबोहर में मलोट रोड स्थित एक होटल के कमरे में युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। उसकी आंखों पर पट्टी बंधी थी और गर्दन तेजधार हथियार से काटी गई थी। कमरे में खून फैला हुआ था, जिसे देख होटल कर्मी भी सन्न रह गए। बताया जा रहा है कि युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ मंगलवार शाम करीब 5 बजे होटल पहुंची थी। होटल स्टाफ के अनुसार, करीब साढ़े 5 बजे युवक ‘जोमैटो से खाना ऑर्डर करने’ का बहाना बनाकर कमरे से बाहर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा।
कमरे में मिला खून से लथपथ शव
शाम करीब 7 बजे तक कमरे से कोई हलचल न होने पर कर्मचारियों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो मास्टर चाबी से कमरा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी घबरा गए। युवती की गर्दन पर गहरे वार के निशान थे और शव फर्श पर पड़ा था। होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और होटल को सील कर जांच शुरू कर दी। होटल का रजिस्टर और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं।
Abohar Murder Case : आरोपी युवक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, युवती की पहचान आरती के रूप में हुई है। उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। अगर वह नाबालिग पाई गई तो होटल प्रबंधन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक सचिन (22), जो कुई खेड़ा गांव का निवासी है, को ट्रेस कर लिया गया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यूपी की रहने वाली थी युवती
पुलिस के अनुसार, मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले की रहने वाली थी। उसके पिता कई वर्षों से अबोहर में एक गौशाला में कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि आरती पिछले करीब छह महीनों से आरोपी युवक के संपर्क में थी। मंगलवार को वह दोपहर तक गौशाला में मौजूद थी, लेकिन बाद में अचानक लापता हो गई। शाम को पुलिस से हत्या की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





