
पटना (वीकैंड रिपोर्ट)- Taj Hotel mock drill : बिहार की राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोदीपुर स्थित ‘होटल ताज सिटी सेंटर’ में आतंकी हमले की सूचना फैली। AK-47 और हैंड ग्रेनेड से लैस तीन हमलावरों द्वारा करीब 100 मेहमानों को बंधक बनाए जाने की खबर से पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आयोजित एक मॉक ड्रिल थी।
धमाकों और फायरिंग की आवाज से दहला इलाका
पूर्व निर्धारित स्क्रिप्ट के तहत तीन डमी आतंकवादी होटल के प्रवेश द्वार पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग की और दो हैंड ग्रेनेड फेंकने का दृश्य तैयार किया। इसके बाद वे होटल के अंदर दाखिल हुए और वहां मौजूद मेहमानों को बंधक बनाने का अभ्यास किया गया। धमाके और गोलियों की आवाज से आसपास के लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस सक्रिय हो गई। कुछ ही मिनटों में आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) की टीमें सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी गई।

Taj Hotel mock drill : डेढ़ घंटे चला संयुक्त ऑपरेशन
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस संयुक्त अभियान में जिला पुलिस और एलीट कमांडो फोर्स ने होटल की हर मंजिल को सैनिटाइज किया। इस दौरान हमले की सूचना से लेकर पुलिस के मौके पर पहुंचने तक के रिस्पॉन्स टाइम को मापा गया। स्थानीय पुलिस और एटीएस के बीच समन्वय, कमांड कंट्रोल सिस्टम और बंधकों को सुरक्षित निकालने की रणनीति का अभ्यास किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस एक्सरसाइज का मकसद किसी भी वास्तविक आतंकी स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
घोषणा के बाद लोगों ने ली राहत की सांस
ऑपरेशन के अंत में पुलिस ने माइक्रोफोन के जरिए घोषणा की कि यह केवल एक मॉक ड्रिल थी। तब जाकर स्थानीय दुकानदारों, होटल स्टाफ और राहगीरों ने राहत की सांस ली। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आगामी त्योहारों और बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए इस तरह की सुरक्षा कवायद जरूरी है।

Taj Hotel mock drill : इस अभ्यास ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





