
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- New currency ATM : बाजार, ऑटो या बस में सफर के दौरान 500 रुपये का नोट देना अक्सर लोगों के लिए परेशानी बन जाता है। “छुट्टे नहीं हैं” जैसी दिक्कत से आम आदमी रोज जूझता रहा है। अब इस समस्या से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार एक नई और बेहद उपयोगी योजना पर काम कर रही है। सरकार देशभर में हाइब्रिड एटीएम (Hybrid ATM) लगाने की तैयारी कर रही है, जिनकी मदद से बड़े नोटों को छोटे नोटों में आसानी से बदला जा सकेगा।
इन हाइब्रिड एटीएम की खास बात यह होगी कि ये सिर्फ कैश निकालने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि 200 या 500 रुपये के नोट डालने पर मशीन से ₹10, ₹20 और ₹50 के नोट भी मिल सकेंगे। इससे रोजमर्रा के लेनदेन में आने वाली बड़ी परेशानी खत्म होने की उम्मीद है।
मुंबई में शुरू हुआ ट्रायल
इस योजना का ट्रायल फिलहाल मुंबई में शुरू किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाइब्रिड एटीएम को बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, अस्पतालों और सरकारी दफ्तरों जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर लगाया जाएगा, जहां छोटे नोटों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
New currency ATM : नकदी पर निर्भर लोगों को बड़ी राहत
हालांकि डिजिटल पेमेंट तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन दिहाड़ी मजदूर, छोटे दुकानदार, सब्जी विक्रेता और रोजाना सफर करने वाले लोग आज भी नकदी पर काफी हद तक निर्भर हैं। उनके लिए छुट्टे नोटों की कमी एक रोजमर्रा की समस्या है। ऐसे में हाइब्रिड एटीएम इन वर्गों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकते हैं।
RBI भी निभा रहा अहम भूमिका
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भी इस योजना में सक्रिय रूप से शामिल है। जरूरत पड़ने पर छोटे मूल्य के नोटों की छपाई बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि एटीएम में छुट्टे नोटों की कोई कमी न हो। सरकार और RBI दोनों का कहना है कि उद्देश्य नकदी को खत्म करना नहीं, बल्कि उसे आम लोगों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाना है।
अगर यह योजना सफल रहती है, तो जल्द ही देशभर में 500 के नोट की टेंशन इतिहास बन सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


