
देहरादून (वीकैंड रिपोर्ट)- Murder In Dehradun : उत्तराखंड की राजधानी Dehradun में सोमवार को दिनदहाड़े हुई युवती गुंजन की निर्मम हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मच्छी बाजार जैसे व्यस्त इलाके में धारदार हथियार से की गई इस वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी आकाश कुमार ने बीच बाजार गुंजन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, क्षेत्र को सील किया गया और फॉरेंसिक जांच शुरू की गई।
पहले दोस्ती, फिर पीछा और धमकी
जांच में सामने आया है कि आरोपी आकाश कुमार काफी समय से गुंजन का पीछा कर रहा था। दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन आकाश की शादी के बाद गुंजन ने उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा। गुंजन पिछले 5–6 वर्षों से मच्छी बाजार स्थित दूल्हे के कपड़ों की एक दुकान में काम कर रही थी। दो दिन पहले आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।
Murder In Dehradun : शिकायत के बाद भी पुलिस की सुस्ती
सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्पष्ट धमकी और शिकायत के बावजूद समय रहते ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता ने आरोपी के हौसले बढ़ाए। यदि शिकायत पर तत्काल सख्त कदम उठाए जाते, तो आज एक युवती की जान बच सकती थी। हत्या के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 वर्षीय आरोपी आकाश कुमार (निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला) को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के कारणों को लेकर सख्ती से सवाल किए जा रहे हैं।
व्यापारियों का आक्रोश, बाजार बंद
बीच बाजार दिनदहाड़े हुई हत्या से व्यापार मंडल में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध में व्यापारियों ने मच्छी बाजार सहित कई इलाकों में दुकानें बंद रखीं और कानून-व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि सिस्टम की चूक का प्रतीक है—जहां पीड़िता की आवाज समय रहते नहीं सुनी गई।
पुलिस का बयान
Ajay Singh (एसएसपी देहरादून) ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई होगी। शहर में यह सवाल गूंज रहा है—क्या पुलिस की लापरवाही ने गुंजन की जान ले ली? और क्या ऐसी घटनाओं के बाद जिम्मेदारी तय होगी या मामला फाइलों में दब जाएगा?
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





