
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Gurpatwant Singh Pannu FIR : गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर बड़ी कार्रवाई की है। पन्नू पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अशांति फैलाने और देश की एकता-अखंडता को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पन्नू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 197, 152 और 61 के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं आपराधिक साजिश, भारत की संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे गंभीर अपराधों से जुड़ी हैं।
Gurpatwant Singh Pannu FIR : सोशल मीडिया वीडियो से शुरू हुई जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई, जिसमें पन्नू ने कथित तौर पर 26 जनवरी के आसपास दिल्ली को निशाना बनाने की धमकी दी थी। वीडियो में उसने रोहिणी और डाबरी जैसे इलाकों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए जाने और स्लीपर सेल सक्रिय होने का दावा किया था।
हालांकि, पुलिस द्वारा बताए गए इलाकों में सघन तलाशी और सत्यापन के बाद अब तक ऐसे किसी पोस्टर की पुष्टि नहीं हुई है। स्पेशल सेल वीडियो के सोर्स, उसकी टाइमिंग और पन्नू के बयानों के पीछे की मंशा की गहराई से जांच कर रही है।
विदेशों में भारतीय दूतावासों को निशाना
इसी बीच एक अन्य घटनाक्रम में भारत सरकार ने क्रोएशिया के जाग्रेब स्थित भारतीय दूतावास में हुई घुसपैठ और राष्ट्रीय ध्वज को नुकसान पहुंचाने की घटना की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि पन्नू द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में खालिस्तानी समर्थक कथित तौर पर दूतावास परिसर में घुसकर भारतीय तिरंगे को हटाते और खालिस्तान का झंडा लगाते नजर आ रहे हैं। यह घटना 22 जनवरी की बताई जा रही है।
Gurpatwant Singh Pannu FIR : बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता
अब तक खालिस्तानी गतिविधियों से जुड़े अधिकतर मामले कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका से सामने आते रहे हैं, लेकिन क्रोएशिया की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। खासतौर पर इसलिए भी क्योंकि यह घटना 27 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाले भारत–यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हुई।
फिलहाल दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पन्नू से जुड़े पूरे नेटवर्क, सोशल मीडिया गतिविधियों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शनों की जांच में जुटी हैं। गणतंत्र दिवस को देखते हुए राजधानी की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





