
मुंबई (वीकैंड रिपोर्ट)- Gold Silver Price : अमेरिकी डॉलर में लगातार कमजोरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीदों के बीच मंगलवार को सोना और चांदी की कीमतों ने इतिहास रच दिया। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दोनों कीमती धातुएं अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं, जिससे सर्राफा बाजार और निवेशकों में जबरदस्त हलचल देखने को मिली।
दिन की शुरुआत में सोना 2.4 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,59,820 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। हालांकि बाद में मुनाफावसूली के चलते इसमें हल्की गिरावट आई। वहीं चांदी ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 3,59,800 रुपये प्रति किलोग्राम का ऐतिहासिक स्तर छू लिया।
Gold Silver Price : एमसीएक्स पर सुबह करीब 10.47 बजे फरवरी कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना 1.45 प्रतिशत यानी 2,270 रुपये की तेजी के साथ 1,58,307 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं मार्च कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 4.84 प्रतिशत या 16,197 रुपये की उछाल के साथ 3,50,896 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी तेजी का माहौल बना हुआ है। अमेरिका में सरकारी कामकाज ठप होने की आशंका, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नए टैरिफ की धमकियों ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर मोड़ा है। अप्रैल डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव करीब 1 प्रतिशत बढ़कर 5,113.70 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंच गए, जबकि डॉलर इंडेक्स में 0.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, केंद्रीय बैंकों की मजबूत खरीद, नरम मौद्रिक नीतियों की उम्मीद और एफओएमसी बैठक से पहले अनिश्चितता ने कीमती धातुओं को मजबूती दी है। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के कमोडिटी विशेषज्ञ राहुल कलंत्री के मुताबिक सोने को 1,57,050–1,55,310 रुपये के स्तर पर सपोर्ट मिल सकता है, जबकि ऊपर की ओर 1,59,850 और 1,62,950 रुपये पर रेजिस्टेंस है। चांदी के लिए 3,38,810 और 3,22,170 रुपये सपोर्ट, जबकि 3,55,810 और 3,62,470 रुपये रेजिस्टेंस स्तर माने जा रहे हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले सत्रों में सोना 1,65,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3,65,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है, हालांकि ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली से थोड़ी नरमी भी देखने को मिल सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





