
बिलासपुर (वीकैंड रिपोर्ट)- Dangerous Love : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram से शुरू हुई दोस्ती एक दर्दनाक हत्या में बदल गई। प्रेम संबंधों में आई दरार से नाराज़ एक युवती ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। युवक द्वारा मोबाइल पर ब्लॉक किए जाने से आहत युवती मंगलवार सुबह चाकू लेकर उससे मिलने पहुंची थी। विवाद के दौरान उसने युवक के सीने पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। मामला Civil Lines थाना क्षेत्र का है।
ऑनलाइन बातचीत से शुरू हुआ प्यार
मृतक की पहचान रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा निवासी कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है। वह सिविल लाइन इलाके के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए पर रहकर उसलापुर के एक होटल में काम करता था। कुछ महीने पहले उसकी पहचान सीपत क्षेत्र के ग्राम झलमला की रहने वाली रोशनी सूर्यवंशी (22) से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
रिश्तों में आई खटास, मोबाइल पर किया ब्लॉक
पुलिस के मुताबिक दोनों एक-दूसरे से गहराई से जुड़े थे, लेकिन दो-तीन दिन पहले किसी बात को लेकर रिश्तों में खटास आ गई। इसी दौरान युवक ने युवती को मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया, जिससे वह बेहद नाराज़ हो गई।
Dangerous Love : मुलाकात के दौरान हुआ विवाद
मंगलवार सुबह युवती युवक के किराए के मकान पहुंची और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही उसने युवक से मोबाइल दिखाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। युवती पहले से ही हाथ में चाकू लेकर आई थी। पुलिस का मानना है कि उसे शक था कि युवक उससे दूरी बनाकर किसी अन्य युवती से संपर्क में है।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
विवाद बढ़ते ही युवती ने गुस्से में युवक के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक मौके पर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया से शुरू होने वाले रिश्तों में बढ़ती संवेदनशीलता और हिंसा के खतरों को उजागर करता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





