
फरीदाबाद (वीकैंड रिपोर्ट): Bullet In Woman Body : हरियाणा के फरीदाबाद जिले की डबुआ कॉलोनी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने डॉक्टरों से लेकर आम लोगों तक सभी को चौंका दिया है। यहां 32 वर्षीय महिला कविता के शरीर से अचानक एक SLR राइफल की गोली बाहर निकली, जबकि उसे बीते 20 सालों तक इस बात का अहसास तक नहीं था कि उसके शरीर में गोली मौजूद है।
यह भी पढ़ें : नेपाल में भारतीय सीमा के पास फिर हिंसा भड़की, हाई अलर्ट के बाद बॉर्डर सील
दरअसल, करीब दो महीने पहले कविता की जांघ में एक फोड़ा उभर आया था। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली समझकर घरेलू इलाज किया, लेकिन जब फोड़ा ठीक नहीं हुआ और अचानक फट गया, तो उसमें से एक गोली बाहर आ गई। यह नजारा देखकर पूरा परिवार सन्न रह गया। बाद में डॉक्टरों ने पुष्टि की कि यह गोली एसएलआर राइफल की है।

जब इस बारे में पूछा गया तो कविता ने एक पुरानी घटना याद की। उन्होंने बताया कि जब वह 12 साल की थीं, तब आर्मी कैंप के पास स्थित स्कूल के मैदान में परीक्षा दे रही थीं। उसी दौरान उनके शरीर के निचले हिस्से में किसी नुकीली चीज के लगने जैसा एहसास हुआ था। उस समय न तो उन्हें ज्यादा दर्द हुआ और न ही किसी को शक हुआ कि यह गोली हो सकती है। शिक्षकों ने इसे मामूली चोट मानकर उन्हें घर भेज दिया था। घर पर तेल-हल्दी लगाई गई और कुछ ही दिनों में घाव भर गया।
यह भी पढ़ें : नगर निगम चुनाव से पहले BJP का बड़ा संगठनात्मक फैसला, इन शहरों के लिए इंचार्ज और को-इंचार्ज नियुक्त, पढ़ें
Bullet In Woman Body : इसके बाद करीब 20 साल तक कविता को कोई परेशानी नहीं हुई। न दर्द, न सूजन और न ही किसी तरह का संकेत मिला कि शरीर के अंदर गोली है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि गोली की रफ्तार कम हो, तो वह शरीर में फंस सकती है और उसके चारों ओर कोशिकाएं एक सुरक्षात्मक परत बना लेती हैं। समय के साथ यह परत कमजोर पड़ सकती है, जिससे गोली बाहर निकल आती है।

कविता के पति प्रदीप ने बताया कि बिना किसी ऑपरेशन के गोली का बाहर आना किसी चमत्कार से कम नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार कविता अब पूरी तरह स्वस्थ है। वहीं कविता का कहना है कि वह इस गोली को संभालकर रखेंगी, क्योंकि इस अनोखी घटना को जानने के लिए लोग उन्हें देखने आ रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


