
कनाडा (वीकैंड रिपोर्ट)- Canadian citizenship rules Change : कनाडा सरकार ने नागरिकता संबंधी एक बड़े बदलाव को लागू कर दिया है। सरकार ने बिल C-3 को लागू करते हुए विदेश में जन्मे या गोद लिए गए बच्चों के लिए कनाडाई नागरिकता प्राप्त करना आसान बना दिया है। यह निर्णय 15 दिसंबर से प्रभावी हो गया है। यह बदलाव उन परिवारों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जिनके सदस्य विदेश में रहते हैं या उनके बच्चों का जन्म कनाडा से बाहर हुआ है। कनाडा में रह रहे भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी को देखते हुए यह नया प्रावधान उनके लिए भी एक सकारात्मक कदम है।
नए नियमों के मुख्य बिंदु:
नए नियमों के तहत, यदि कनाडाई नागरिक माता-पिता अपने बच्चे के जन्म या गोद लिए जाने से पहले कम से कम तीन वर्ष (1095 दिन) कनाडा में शारीरिक रूप से रह चुके हैं, तो वे अपने विदेश में जन्में या गोद लिए गए बच्चे के लिए नागरिकता हासिल कर सकते हैं। इस सुधार के साथ, नागरिकता का दायरा अब केवल पहली पीढ़ी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका विस्तार आगे की पीढ़ियों तक किया गया है।
Canadian citizenship rules Change : साल 2009 में लागू हुए ‘फर्स्ट जनरेशन लिमिट’ नियम के कारण विदेश में जन्मे बच्चों को नागरिकता नहीं मिल पाती थी, भले ही उनके माता-पिता कनाडाई नागरिक ही क्यों न हों। यह नियम लंबे समय से विवादित रहा। दिसंबर 2023 में ओंटारियो सुपीरियर कोर्ट ऑफ जस्टिस ने इस नियम के प्रमुख प्रावधानों को असंवैधानिक करार दिया था। कोर्ट ने कहा कि यह कानून कई कनाडाई परिवारों के लिए अनुचित परिणाम पैदा कर रहा था। इसके बाद संघीय सरकार ने अपील न करने का निर्णय लिया और नागरिकता कानून में संशोधन करते हुए बिल C-3 को लागू किया। इस बदलाव से कनाडा में रह रहे भारतीय मूल के अनेक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनके बच्चे विदेश में पैदा हुए हैं। अब ऐसे बच्चे सीधे नागरिकता के लिए पात्र होंगे और उन्हें वे सभी अधिकार प्राप्त होंगे, जो पहले प्रतिबंधित थे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





