
जालंधर/अमृतसर (वीकैंड रिपोर्ट) Lucky Oberai Murder Case : पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वारदात के करीब 38 घंटे बाद पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का मुख्य आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि खुद लक्की ओबरॉय का नौकर शमिंदर सिंह उर्फ शिंगरी निकला।
Lucky Oberai Murder Case : पुलिस ने कैसे किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, अमृतसर रूरल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके से फरार होने की फिराक में है। शनिवार रात करीब 9 बजे जब वह मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया और पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो घबराहट में वह गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से .30 बोर की पिस्टल भी बरामद की गई है।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुलिस के सामने बार-बार रहम की गुहार लगाता रहा और अपनी गलती स्वीकार करता नजर आया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में शिंगरी ने हत्या में शामिल एक अन्य व्यक्ति की पहचान भी बताई है, जिसके आधार पर पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
Lucky Oberai Murder Case : इससे पहले जालंधर पुलिस दिनभर आरोपियों की तलाश में छापेमारी की बात कहती रही, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। करीब 24 घंटे बाद पुलिस अधिकारियों ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि हत्या में लक्की ओबरॉय के नौकर की भूमिका सामने आई है। मामले में जालंधर के थाना-5 में दो आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि मुख्य शूटर और एक अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
आरोपी का है पुराना रिकॉर्ड
डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल के मुताबिक, शमिंदर सिंह जालंधर के मिठापुर इलाके का रहने वाला है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। जांच में सामने आया है कि हत्या के समय आरोपी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई।
अमृतसर रूरल के एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को घेरने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गया और फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया।
गौरतलब है कि 6 फरवरी की सुबह करीब 7:30 बजे जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में एक गुरुद्वारे के बाहर लक्की ओबरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर पांच गोलियां चलाई थीं। 43 वर्षीय लक्की ओबरॉय का अंतिम संस्कार 7 फरवरी को किया गया। परिजनों ने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह खालसा कॉलेज की प्रधानगी से जुड़ा विवाद मानी जा रही है।

उधर, गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए इसे आपसी रंजिश का नतीजा बताया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





