
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Fake police robbery : पंजाब के जालंधर में पुलिस बनकर राहगीरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। थाना नई बारादरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो रात के समय खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों से लूटपाट करते थे।
खाकी पगड़ी पहनकर करते थे वारदात
पुलिस के मुताबिक आरोपी खाकी रंग की पगड़ी और पुलिस जैसे जूते पहनकर सुनसान इलाकों में लोगों को रोकते थे। असली पुलिस की तरह पूछताछ का नाटक कर वे राहगीरों को डराते और उनसे नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरबजीत सिंह, अमनपाल सिंह, कर्णवीर सिंह और मनप्रीत सिंह निवासी कोट बाबा दीप सिंह नगर के रूप में हुई है।
नशे की लत के लिए चुना अपराध का रास्ता
जांच में सामने आया है कि आरोपी चश्मा बेचने का काम करते थे, लेकिन नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने अपराध का रास्ता अपनाया। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 3 बाइक और एक तेजधार हथियार (दातर) बरामद किया है।
Fake police robbery : 13 जनवरी की वारदात से खुला राज
मामले का खुलासा 13 जनवरी की रात हुई लूट के बाद हुआ। दिल्ली से लौटे राज कुमार शर्मा और उनके दोस्त मनप्रीत सिटी रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। लाडोवाली रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका। दो आरोपियों ने खाकी पगड़ी और पुलिस जैसे जूते पहन रखे थे। उन्होंने देर रात घूमने का कारण पूछकर उन्हें धमकाया और 9,660 रुपये व एक आईफोन लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी से मिली सफलता
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि गिरोह में शामिल कर्ण और अमनपाल फर्जी पुलिसकर्मी का रूप धारण करते थे, जबकि सरबजीत सामान्य कपड़ों में उनके साथ रहता था ताकि शक न हो। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपियों ने शहर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





