
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- attack on jeweller : शहर के व्यस्त लाल बाजार इलाके में शुक्रवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जेबीएम ज्वैलर्स के मालिक दीपू पर हथियारबंद बदमाशों ने दुकान के अंदर घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से लगातार वार कर कारोबारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल दीपू को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के चलते उन्हें एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। अचानक हुए इस हमले से पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया और दुकानदारों में डर फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ अज्ञात युवक हथियारों से लैस होकर दुकान में दाखिल हुए और बिना किसी बहस या चेतावनी के हमला कर दिया। हमलावरों की बेरहमी देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
attack on jeweller : बाजार के एक अन्य कारोबारी गौरव वर्मा ने आशंका जताई है कि इस हमले के पीछे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) से जुड़ा लेनदेन विवाद हो सकता है। उनके मुताबिक, दीपू का बस्ती गुजा स्थित एयस ज्वैलर्स के विक्की सहदेव और साहिल सहदेव के साथ MCX में बड़ा आर्थिक लेनदेन था। हाल ही में सोने के भाव में आई गिरावट के बाद बकाया रकम को लेकर दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था, जो अब हिंसक रूप में सामने आया।
हालांकि पुलिस ने अभी इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


