
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट) : आज 79वें स्वतंत्रता दिवस पर पूरा भारत आजादी के जश्न में डूबा हुआ है। हर जगह राष्ट्र तिरंगा शान से लहराया जा रहा है। ऐसे में हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली के लाल किला पर तिरंगा फहराया गया। आपको बता दें कि इस बार की स्वतंत्रता थीम है; स्वतंत्रता का सम्मान करें और भविष्य को प्रेरित करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 7:21 पर लाल किले पर पहुंचे और जिसके कुछ देर बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। फिर राष्ट्रीय गान के सम्मान में सभी खड़े हो गए। थल सेना, नौसेना और वायुसेना द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, फिर पीएम मोदी द्वारा राष्ट्र को संबोधित किया गया। आइए जानते हैं प्रधानमंत्री के संबोधन के मुख्य बिंदु।
संबोधन के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
प्रधानमंत्री ने सबसे पहले प्राकृतिक आपदाओं के बारे में बात करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाएं, भूस्खलन, बादलों का फटना, न जाने कितनी-कितनी आपदाएं हमारा देश झेल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पीड़ितों के साथ उनकी संवेदना है, राज्य सरकारें और केंद्र सरकार मिलकर बचाव के काम, राहत के काम, पुनर्वासन के काम में पूरी शक्ति से जुटी हुईं हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बहुत गर्व हो रहा है कि आज उन्हें लाल किले की प्राचीर से ऑपरेशन सिंदूर के वीर जांबाजों को सैल्यूट करने का अवसर मिला है। हमारे देश के वीर जांबाज सैनिकों ने, दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है।
उन्होंने आगे बताया कि 22 तारीख के बाद हमारी सेना को खुली छूट दे दी। रणनीति वो तय करें, लक्ष्य वो तय करें, समय भी वो चुने और हमारी सेना ने वो करके दिखाया, जो कई दशकों तक कभी हुआ नहीं था। सैकड़ों किलोमीटर दुश्मन की धरती पर घुसकर आतंकी हेडक्वार्टर्स को मिट्टी में मिला दिया, आतंकी इमारतों को खंडहर बना दिया। पाकिस्तान की नींद अभी भी उड़ी हुई है। अब हमने एक न्यू नॉर्मल स्थापित किया, आतंक को और आतंकी को पालने-पोसने वालों को, आतंकियों को ताकत देने वालों को, अब अलग-अलग नहीं मानेंगे। अब न्यूक्लियर ब्लैकमेल को नहीं सहा जाएगा।
Made in India का कमाल
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में मेड इन इंडिया की कमाल ही क्या थी। दुश्मन को पता तक ना चला, कि कौन से शस्त्र-अस्त्र हैं, ये कौन सा सामर्थ्य है, जो पलक भर में उनको नष्ट कर रहा है। मेड इन इंडिया की शक्ति हमारे हाथ में थी, सेना के हाथ में थी, इसलिए बिना चिंता, बिना रुकावट, बिना हिचकिचाहट, हमारी सेना अपना पराक्रम करती रही और ये पिछले 10 साल से लगातार डिफेंस के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर एक मिशन लेकर चलें हैं, उसके नतीजे आज नजर आ रहे हैं।
भारत के लोगों द्वारा बनी हुई मेड इन इंडिया चिप्स
आज उस बोझ से मुक्त होकर मिशन मोड में सेमीकंडक्टर के काम को आगे बढ़ाया है। 6 अलग-अलग सेमीकंडक्टर के यूनिट्स जमीन पर उतर रहे हैं, चार नए यूनिट्स को ऑलरेडी ग्रीन सिग्नल दे दिया है। इसी वर्ष के अंत तक भारत की बनी हुई, भारत में बनी हुई, भारत के लोगों द्वारा बनी हुई मेड इन इंडिया चिप्स, बाजार में आ जाएगी। उन्होंने आग बताया कि आज 11 वर्ष में सोलर एनर्जी 30 गुना बढ़ चुकी है। नए-नए डेम बना रहे हैं, ताकि हाइड्रो का विस्तार हो और हमें क्लीन एनर्जी उपलब्ध हो। भारत मिशन ग्रीन हाइड्रोजन लेकर आज हजारों करोड़ रुपए इन्वेस्ट कर रहा है।
न्यूक्लियर एनर्जी
भविष्य की ऊर्जा को ध्यान में रखकर, ऊर्जा के क्षेत्रों को ध्यान में रखकर, भारत न्यूक्लियर एनर्जी पर भी बहुत बड़े इनीशिएटिव ले रहा है। न्यूक्लियर एनर्जी में 10 नए न्यूक्लियर रिएक्टर तेजी से कम कर रहे हैं। 2047 तक, जोकि विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है। जब देश की आजादी के 100 साल होंगे, हम परमाणु ऊर्जा क्षमता 10 गुना से भी अधिक बढ़ाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। वे न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में बहुत बड़े रिफॉर्म लेकर आए हैं। अब प्राइवेट सेक्टर के लिए भी परमाणु ऊर्जा को उसके द्वार खोल दिए हैं, वे शक्ति को जोड़ना चाहते हैं। उन्होंने भारतवासियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जो 50% क्लीन एनर्जी अचीव करने कार लक्ष्य 2030 तक रखा गया था, वे 2025 में ही पूरा हो गया है।
भारत नेशनल डीप वाटर एक्सप्लोरेशन मिशन
वे समुद्र के भीतर के तेल के भंडार, गैस के भंडार, उसको खोजने की दिशा में एक मिशन मोड में काम करना चाहते हैं और इसलिए भारत नेशनल डीप वाटर एक्सप्लोरेशन मिशन शुरू करने जा रहे है। ये ऊर्जा इंडिपेंडेंट बनने के लिए यह हमारी महत्वपूर्ण घोषणा है। आज पूरा विश्व क्रिटिकल मिनरल को लेकर बहुत ही सतर्क हो गया है, उसके सामर्थ्य को लोग भली-भांति समझने लगे हैं। हमारे लिए भी क्रिटिकल मिनरल्स में आत्मनिर्भरता बहुत अनिवार्य है। एनर्जी का सेक्टर हो, इंडस्ट्री का सेक्टर हो, रक्षा क्षेत्र हो, टेक्नोलॉजी का हर क्षेत्र हो, आज क्रिटिकल मिनरल्स की टेक्नोलॉजी के अंदर बहुत अहम भूमिका है और इसलिए नेशनल क्रिटिकल मिशन लॉन्च किया है।
स्पेस स्टेशन
उन्होंने आग बात करते हुए कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला स्पेस स्टेशन से लौट चुके हैं और आने वाले कुछ दिनों में वो भारत भी आ रहे हैं। अब वे स्पेस में भी अपने दम पर आत्मनिर्भर भारत गगनयान की तैयारी कर रहे हैं। अब अपने बलबूते पर अपना स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। पिछले दिनों स्पेस में जो रिफॉर्म किए गए, उन्हें बहुत गर्व हो रहा है, देश के 300 से ज्यादा स्टार्टअप्स अब सिर्फ और सिर्फ स्पेस सेक्टर में काम कर रहे हैं और उन 300 स्टार्टअप्स में हजारों नौजवान पूरे सामर्थ्य के साथ जुटे हैं।
उन्होंने BioE3 पॉलिसी के बारे में बात की और नौजवानों को पॉलिसी का अध्ययन करके देश का भाग्य बदलने की बात कही। यूपीआई के बारे में उन्होंने बड़े गर्व से कहा कि हमारा अपना प्लेटफार्म आज दुनिया को अजूबा कर रहा है। रियल टाइम ट्रांजैक्शन में 50% अकेला भारत यूपीआई के माध्यम से कर रहा है। EV) बैटरी, सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल्स के लिए जिन-जिन चीजों की आवश्यकताएं है, वो हमारी अपनी होनी चाहिए। देश के इनोवेशन को, ताकत दी जा रही है।
मुद्रा योजना
मुद्रा योजना की बात करते हुए कहा कि देश के करोड़ों नौजवान उसमें भी हमारी बेटियां करोड़ों-करोड़ों लोग मुद्रा से लोन लेकर के अपना खुद का कारोबार कर रहे हैं। पिछले 10 साल में वूमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप ने कमाल करके दिखाया। आज उनका प्रोडक्ट दुनिया के बाजार में जाने लगे हैं। लाखों करोड़ों का कारोबार वूमेन सेल फाइल्स ग्रुप कर रहे हैं।
पिछले दिनों हमने कई रिफॉर्म्स किए हैं, एफडीआई हो, इंश्योरेंस कंपनी की बात हो, विश्व की यूनिवर्सिटीज को भारत के अंदर स्थान देने की बात हो, कई रिफॉर्म्स किए हैं। 40000 से ज्यादा अनावश्यक कंप्लायंसेस को खत्म किया है। इतना ही नहीं, 1500 से अधिक पुराने कानून जो बाबा आदम के जमाने के थे, उन सबको खत्म कर दिया है। दर्जनों कानूनों को सरल करने के लिए संसद में जाकर जनता के हितों को सर्वोपरि रख कर बदलाव किए हैं।
इनकम टैक्स एक्ट में रिफॉर्म
लेकिन एक बहुत बड़ा रिफॉर्म इनकम टैक्स एक्ट में हुआ है। करीब 280 से ज्यादा धाराएं समाप्त करने का निर्णय किया है। इनकम टैक्स रिफंड की बात हो, रिफॉर्म का परिणाम है। कैशलेस असेसमेंट की बात हो, रिफॉर्म का परिणाम है। 12 लाख तक आज इनकम टैक्स से मुक्ति दे देना, देश का जो भविष्य बनाने में उत्सुक है ऐसे मध्यम वर्ग का परिवार, आज फुला नहीं समा रहा। जब देश का सामर्थ्य बढ़ता है, तो देशवासियों को लाभ मिलता है। स्टार्टअप्स हो, लघु उद्योग हो, गृह उद्योग हो, उन उद्यमियों को उनकी कंप्लायंस कास्ट बहुत कम हो जाएगी और उसके कारण उनको एक नई ताकत मिलेगी। जो एक्सपोर्ट की दुनिया में उनको लॉजिस्टिक सपोर्ट के कारण, व्यवस्थाओं में बदलाव के कारण उनको एक बहुत बड़ी ताकत मिलेगी।
नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स
उन्होंने भाषण में बताया कि वे नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स लेकर आ रहे हैं, ये दिवाली के अंदर आपके लिए तोहफा बन जाएंगे, सामान्य मानवीय की जरूरत के टैक्स भारी मात्रा में काम कर दिए जाएंगे, बहुत बड़ी सुविधा बढ़ेंगी। एमएसएमई, लघु उद्यमी, इनको बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। रोजमर्रा की चीजें बहुत सस्ती हो जाएगी और उससे इकोनामी को भी एक नया बल मिलने वाला है। आज देश तीसरी बड़ी इकोनॉमी बनने की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। आज इन्फ्लेशन कंट्रोल में है, फॉरेक्स एक्सचेंज रिजर्व हमारे बहुत मजबूत हैं, हमारे मैक्रोइकोनॉमिक इंडिकेटर्स बहुत मजबूत हैं, ग्लोबल रेटिंग एजेंसी भी लगातार भारत की सराहना करती है, भारत की अर्थव्यवस्था पर ज्यादा से ज्यादा विश्वास व्यक्त कर रही है।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना
आज 15 अगस्त के ही दिन देश के युवाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपए की योजना लागू की जा रही है। आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना 15 अगस्त को लागू हो रही है, ये एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहले नौकरी पाने वाले नौजवान को बेटे बेटी को 15000 रुपये सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। कंपनियों को भी नए रोजगार देने के अवसर जो भी ज्यादा जुटाएगा, उनको भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना करीब करीब साढ़े तीन करोड़ नौजवानों को रोजगार के नए अवसर बनाएगी। देश गर्व से भर गया, जब एनडीए की वूमेन कैंडिडेट्स उनका पहला पास आउट हुआ था। पूरा देश गर्व से भर गया था, सारे टीवी चैनल उसी के पीछे लगे हुए थे।
नमो ड्रोन दीदी नारी शक्ति
सेल्फ हेल्प ग्रुप, 10 करोड़ सेल्फ हेल्प ग्रुप के बहनें, क्या कमाल कर रही हैं। नमो ड्रोन दीदी नारी शक्ति एक नई पहचान बनी। 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया था। 3 करोड़ और उन्हें संतोष है कि वे तेज गति से कम कर रहे हैं। समय से पहले 3 करोड़ का लक्ष्य पर कर लेंगे और आज वे खुशी से देश को बताना चाहते हैं कि मेरी नारी शक्ति का सामर्थ्य देखिए, देखते ही देखते दो करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
आयुष्मान भारत ने बीमारी को सहने की आदत से मुक्ति दिलाने का और उनको अच्छे स्वास्थ्य के लिए मदद करने का काम किया है। उन्होंने सरकारी योजनाओं की तारीफ करते हुए कि आज सरकार आपके दरवाजे पर आती है, सैचुरेशन की अप्रोच को लेकर, करोड़ों लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर एक बहुत बड़ा क्रांतिकारी काम हुआ है।
गरीबी हटाओ के नारे देश ने बहुत सुने हैं, लाल किले से भी सुने हैं और देश सुन सुन करके थक गया था और देश ने मान लिया था, कि गरीबी हट नहीं सकती है। लेकिन जब हम योजनाओं को गरीब के घर तक ले जाते हैं, विश्वास को गरीब के मन में हम पैदा करते हैं, तो मेरे देश के 25 करोड़ गरीब, गरीबी को परास्त कर करके, गरीबी से बाहर निकल करके एक नया इतिहास बनाते हैं। आज 10 करोड़ गरीब और 10 वर्ष में 25 करोड़ से ज्यादा गरीब ग़रीबी को परास्त कर करके गरीबी से बाहर निकले है और एक नियो मिडिल क्लास तैयार हुआ है।
नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी
खेल को बढ़ावा देने के लि नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी, कई दशकों के बाद देश में खेलो भारत नीति को लेकर के आए हैं, ताकि ये खेल जगत का सर्वांगीण विकास का प्रयास हो। स्कूल से लेकर के ओलंपिक तक हम एक पूरा इकोसिस्टम डेवलप करना चाहते हैं, चाहे कोचिंग की व्यवस्था हो, फिटनेस की बात हो, खेल के मैदान हों, खेल की व्यवस्थाएं हो, खेल के लिए आवश्यक साधन हों। उन्होंने मोटापे से बचने के लिए परिवार वालों को फिर से सुझाव दिया कि वे जब भी खाने का तेल घर में लाएं 10 परसेंट कम लाएं और 10 परसेंट कम ही उपयोग करें, इससे हम ओबेसिटी के खिलाफ लड़ाई को जीतने की दिशा में अपना योगदान दे पाएंगे।
हाई पावर डेमोग्राफी मिशन
षड्यंत्र के तहत, सोची समझी साजिश के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नए संकट के बीच बोए जा रहे हैं और यह घुसपैठिए, देश के नौजवानों के रोजी-रोटी छीन रहे हैं। इसलिए एक हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का निर्णय किया है। यह मिशन, इस मिशन के द्वारा यह जो भीषण संकट नजर आ रहा है, भारत पर मंडरा रहा है यह जो संकट है, उसको निपटाने के लिए तय समय में सुविचारित निश्चित रूप से अपने कार्य को करेगा, उस दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।
सुदर्शन चक्र मिशन
अब देश सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च किया जाएगा। ये मिशन सुदर्शन चक्र एक पावरफुल वेपन सिस्टम दुश्मन के हमले को न्यूट्रलाइज तो करेगा ही करेगा, लेकिन कई गुना ज्यादा दुश्मन पर हिट बैक करेगा। हम इस सुदर्शन चक्र के द्वारा भी टारगेटेड प्रिसाइज़ एक्शन के लिए भी व्यवस्था को विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे और इसलिए युद्ध के बदलते तौर-तरीकों में राष्ट्र की सुरक्षा, नागरिकों की सुरक्षा के लिए वे बड़ी प्रतिबद्धता के साथ इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए वचन देते हैं।
उन्होंने आखिर में भारपत माता को संबोधित करते हुए कहा कि मां भारती के प्रति कर्तव्य निभाना, यह पूजा से कम नहीं है, तपस्या से कम नहीं है, आराधना से कम नहीं है और उसी भाव से हम सब मातृभूमि के कल्याण के लिए, परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए, 2047 विकसित भारत के लक्ष्य को पार करने के लिए अपने आप को खपा देंगे, अपने आप को झोंक देंगे, जो भी सामर्थ्य हैं, कोई भी अवसर को छोड़ेंगे नहीं, इतना ही नहीं, नए अवसरों का निर्माण करेंगे और निर्मित करने के बाद हम 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से आगे बढ़ते ही रहेंगे। सभी को याद रखना है, 140 करोड़ देशवासियों को याद रखना है, परिश्रम में जो तपा है, उसने ही तो इतिहास रचा है। जिसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है, उसने ही समय को मोड़ा है और समय को मोड़ देने का भी यही समय है, सही समय है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





