





देहरादून (वीकैंड रिपोर्ट) Dehradun Triple Murder Case : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में महज 300 रुपये के विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि तीन लोगों की जान चली गई। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में एक प्लंबर ने मजदूरी को लेकर हुए विवाद के बाद सेवानिवृत्त दंपती और बीच-बचाव करने आई एक महिला की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी बुजुर्ग महिला की सोने की चेन लूटकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
दो घंटे के काम पर पूरे दिन की मजदूरी मांगने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है और फिलहाल देहरादून में रह रहा था। वह पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर में प्लंबिंग का काम करता था। मंगलवार को वह घर में लगभग दो घंटे तक काम करने के बाद पूरे दिन की दिहाड़ी के रूप में 600 रुपये मांगने लगा। वहीं, घर के मालिकों का कहना था कि आधे दिन के काम के लिए 300 रुपये ही दिए जाएंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और आरोपी गुस्से में वहां से चला गया।
बदला लेने की नीयत से लौटा आरोपी
कुछ देर बाद आरोपी फिर से घर पहुंचा और कथित तौर पर बदला लेने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया। उसने सबसे पहले 75 वर्षीय रजनी कपूर के गले से सोने की चेन छीन ली। जब रजनी कपूर और उनके पति रमेश कपूर ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने पास मौजूद नुकीले पेचकस से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर पड़ोस में काम करने वाली घरेलू सहायिका तिलया देवी उर्फ शीला मौके पर पहुंची। वह बुजुर्ग दंपती को बचाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन आरोपी ने उस पर भी कई बार पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों लोग मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
Dehradun Triple Murder Case : अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों की मौत
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक रमेश कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त अधिकारी थे, जबकि उनकी पत्नी रजनी कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के पद से रिटायर हुई थीं। उनके दो बेटे हैं, जो पुणे और दिल्ली में रहते हैं। घटना की सूचना परिवार को दे दी गई है।
भागते आरोपी को लोगों ने दबोचा
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी लूटी गई सोने की चेन लेकर भाग रहा था। इसी दौरान आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे घेर लिया और पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और हत्या में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद कर लिया है। मामले में हत्या और लूट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद पर इस तरह की बर्बर घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


