





फगवाड़ा (वीकैंड रिपोर्ट)- LPU Violence : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 26 सितंबर को हुए हंगामे, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि जांच के दौरान 20 आरोपियों की पहचान कर उन्हें मामले में नामजद किया गया है।
फगवाड़ा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 7 छात्र और 2 बाहरी व्यक्ति शामिल हैं। इनमें एक आरोपी नाबालिग भी बताया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी गौरव तूरा और एसआईटी इंचार्ज वनीत अलाहवत भी मौजूद रहे।
पथराव और आगजनी के बाद बिगड़े हालात
डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि शुरुआती चरण में पुलिस की ओर से छात्रों पर कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया था। उनके मुताबिक हालात उस समय बिगड़े जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और मीडिया कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। उन्होंने बताया कि पुलिस जब यूनिवर्सिटी परिसर पहुंची थी, तब स्थिति सामान्य थी, लेकिन कुछ समय बाद अचानक हिंसक घटनाएं शुरू हो गईं। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।
LPU Violence : जम्मू-कश्मीर, मुंबई और फगवाड़ा से गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार दो आरोपियों को फगवाड़ा से, दो को जम्मू-कश्मीर से और एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न राज्यों में छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए डिजिटल साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। हिंसा में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
वायरल मैसेज से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक यूनिवर्सिटी में विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक संदेश के बाद हुई थी। छात्रा से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले की जांच के लिए पहले ही विशेष जांच टीम (SIT) गठित की जा चुकी है। डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि SIT पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


