





फगवाड़ा (वीकैंड रिपोर्ट)- LPU Violence : पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित दुष्कर्म की सूचना फैलने के बाद हुए हंगामे और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार किए गए युवक यूनिवर्सिटी परिसर में हुई हिंसा और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस दौरान पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश करेगी।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान डिजिटल एविडेंस और तकनीकी जांच के आधार पर की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मिले वीडियो, फोटो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फगवाड़ा के टिब्बी मोहल्ला निवासी गगन, जेम्स दहिया और अभि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जेम्स दहिया LPU का छात्र है, जबकि गगन हाल ही में Domino’s में पिज्जा डिलीवरी का काम करने लगा था।
परिजनों ने गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
गगन के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए हैं। गगन के मामा का कहना है कि परिवार को गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने संबंधी कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई। परिवार के मुताबिक गगन पिछले दिन से घर नहीं लौटा था। बाद में उसने कोर्ट में पेशी से पहले फोन कर अपने परिवार को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन अदालत पहुंचे।
LPU Violence : परिवार बोला- पहले कभी दर्ज नहीं हुआ कोई मामला
परिजनों का दावा है कि गगन का किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं रहा है और उसके खिलाफ पहले कभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह करीब डेढ़ महीने पहले ही नौकरी पर लगा था।
जांच जारी, पुलिस नहीं कर रही ज्यादा खुलासा
थाना सतनामपुरा पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, लेकिन जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए अभी तक आरोपियों के खिलाफ मिले डिजिटल सबूतों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं में इनकी कथित भूमिका क्या थी और क्या अन्य लोग भी इसमें शामिल थे।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


