

चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Harbhajan Singh on AAP Exit : पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि पार्टी में खेलों और पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर दिए गए उनके सुझावों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते उन्हें पार्टी छोड़ने का फैसला लेना पड़ा।
हरभजन सिंह ने एक मीडिया बातचीत के दौरान बताया कि जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें AAP में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था, तब उनकी भूमिका खेलों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह राजनीति नहीं बल्कि खेलों के विकास पर काम करना चाहते हैं। लेकिन समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि जिन उद्देश्यों को लेकर वह पार्टी में आए थे, वे पूरे नहीं हो रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने कई बार अपने सुझाव और योजनाएं पार्टी नेतृत्व के सामने रखीं, लेकिन उनकी बात पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हरभजन के मुताबिक, यदि उनके किसी सुझाव पर थोड़ा भी काम हुआ होता तो शायद वह पार्टी नहीं छोड़ते।
बीजेपी में शामिल होने के बाद शुरू हुआ विवाद
हरभजन सिंह को AAP ने वर्ष 2022 में राज्यसभा भेजा था। इसी साल अप्रैल में उन्होंने पार्टी के छह अन्य सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। इसके बाद AAP की ओर से उन पर विश्वासघात के आरोप लगाए गए और जालंधर स्थित उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुआ।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि देश का आम नागरिक उन्हें उनके क्रिकेट करियर के कारण जानता है और प्यार करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उन्होंने किसके साथ गद्दारी की है। साथ ही उन्होंने AAP से पूछा कि पंजाब के लोगों से किए गए बड़े-बड़े वादों का क्या हुआ।
Harbhajan Singh on AAP Exit : पंजाब में ड्रग्स को लेकर जताई चिंता
हरभजन सिंह ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि ड्रग्स युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि कभी पंजाब खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य हुआ करता था, लेकिन आज नशे की समस्या युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है।
उन्होंने जालंधर के संसारपुर गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय इस छोटे से गांव से राष्ट्रीय हॉकी टीम में कई खिलाड़ी शामिल होते थे। हरभजन ने मांग की कि पंजाब में ड्रग्स की सप्लाई रोकने के लिए सख्त कानून और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


