
जालंधर, 3 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Money Transfer Fraud : महानगर में इन दिनों एक शातिर ठग मनी ट्रांसफर कारोबारियों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। एक्टिवा पर घूमने वाला यह आरोपी बड़ी चालाकी से दुकानदारों को अपने झांसे में लेकर हजारों रुपये की ठगी कर रहा है। ताजा मामला शिंगार सिनेमा रोड का है, जहां मंगलवार देर शाम एक मनी ट्रांसफर संचालक से 10 हजार रुपये की ठगी कर आरोपी फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पहले भरोसा जीता, फिर लगाया 10 हजार का चूना
पीड़ित दुकानदार अमन सभ्रवाल ने बताया कि देर शाम एक युवक एक्टिवा पर सवार होकर उसकी दुकान पर पहुंचा। उसने अपने खाते में 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कही। जब दुकानदार ने पहले नकद राशि देने को कहा तो आरोपी ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह कहीं नहीं जा रहा और पैसे तुरंत दे देगा। आरोपी की बातों में आकर दुकानदार ने उसके बताए खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जैसे ही ट्रांजैक्शन पूरा हुआ और स्क्रीनशॉट दिखाया गया, युवक ने जेबें टटोलनी शुरू कर दीं और नकदी न होने का बहाना बनाने लगा।
डिग्गी से पैसे लाने का बहाना, फिर हुआ फरार
ठग ने कहा कि पैसे उसकी एक्टिवा की डिग्गी में रखे हैं और वह अभी लेकर आता है। एक्टिवा पहले से स्टार्ट हालत में कुछ दूरी पर खड़ी थी। जैसे ही आरोपी वाहन के पास पहुंचा, उसने डिग्गी खोलने के बजाय तुरंत एक्टिवा दौड़ा दी और मौके से फरार हो गया। दुकानदार ने शोर मचाते हुए उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से निकल गया और हाथ नहीं आया।
Money Transfer Fraud : पहले भी इसी तरीके से कर चुका है ठगी
घटना के बाद इलाके के ही एक अन्य मनी ट्रांसफर कारोबारी सचिन ने भी चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि कुछ दिन पहले यही युवक उसकी दुकान पर भी आया था और बिल्कुल इसी तरीके से 10 हजार रुपये की ठगी कर फरार हो गया था। इससे साफ है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से मनी ट्रांसफर की दुकानों को निशाना बना रहा है और एक ही तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि अन्य दुकानदार इस तरह की ठगी का शिकार न बनें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


