
वृंदावन, 25 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Premanand Maharaj Video : प्रेमानंद महाराज ने अपने भक्तों और शिष्यों के लिए एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसे सुनकर देशभर के श्रद्धालु भावुक हो गए। यह संदेश [केली कुंज आश्रम ट्रस्ट यूट्यूब चैनल]) पर साझा किया गया, जिसमें उन्होंने भक्तों से चिंता न करने और भजन-नाम जप में लगे रहने की अपील की। करीब 1 मिनट 19 सेकेंड के वीडियो में प्रेमानंद महाराज ने कहा कि भले ही वे फिलहाल भक्तों से मुलाकात या संवाद नहीं कर पा रहे हों, लेकिन उनका प्रेम और आशीर्वाद हमेशा सभी के साथ रहेगा।
“हम मिलें या न मिलें, प्रेम हमेशा रहेगा”
वीडियो संदेश में प्रेमानंद महाराज ने कहा: “हम मिलें या न मिलें, बोलें या न बोलें, हम आप सभी को बहुत प्यार करते हैं। बिल्कुल चिंता मत करो। बिना बोले भी हम आपके मन और विचारों में रहेंगे।” उनकी यह बात सुनकर लाखों भक्त भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं शुरू हो गईं।
Premanand Maharaj Video : “हमारा मौन भक्तों के लिए है”
प्रेमानंद महाराज ने अपने एकांतवास और मौन को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनका मौन और एकांतवास स्वयं के लिए नहीं, बल्कि भक्तों के कल्याण के लिए है। उन्होंने भक्तों से कहा कि वे भगवान का नाम जपते रहें और गुरु पर विश्वास बनाए रखें।
उन्होंने कहा: “जो कुछ होना था, वह हो चुका है। अब जो कुछ हो रहा है, वह सब आप लोगों के लिए है। खूब नाम जप करो, प्रसन्न रहो और भगवान के आश्रित बनकर जीवन बिताओ।”
17 मई से बंद है रात्रि पदयात्रा
गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज की प्रसिद्ध रात्रि पदयात्रा पिछले कई दिनों से स्थगित है। 17 मई को हजारों श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंचे थे, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण वे पदयात्रा में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद उनके शिष्यों ने जानकारी दी थी कि महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और फिलहाल पदयात्रा व एकांतिक दर्शन स्थगित किए जा रहे हैं।
Premanand Maharaj Video : लंबे समय से चल रही स्वास्थ्य समस्याएं
बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक उनकी दोनों किडनियां प्रभावित हैं और उन्हें नियमित डायलिसिस से गुजरना पड़ता है। हालांकि इसके बावजूद वे लगातार अपने भक्तों से जुड़े रहने की कोशिश कर रहे हैं।
गुरु दर्शन के लिए पहुंचे थे आश्रम
कुछ दिन पहले स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद प्रेमानंद महाराज अपने केली कुंज आश्रम से निकलकर वराह घाट स्थित अपने गुरु गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे थे। वहां उन्होंने गुरु दर्शन किए, जिसके बाद भक्तों में उनके स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी राहत देखने को मिली थी।
देशभर में हो रही स्वस्थ होने की प्रार्थना
प्रेमानंद महाराज के इस भावुक संदेश के बाद देशभर में उनके अनुयायी और श्रद्धालु उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कई भक्तों का कहना है कि महाराज जी के शब्दों ने उन्हें भावुक कर दिया और आध्यात्मिक रूप से नई ऊर्जा दी है। फिलहाल श्रद्धालु उनकी अगली झलक और स्वास्थ्य में सुधार की खबर का इंतजार कर रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


