
वृंदावन, 18 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Premanand Maharaj Health Update : वृंदावन के प्रसिद्ध संत और कथावाचक प्रेमानंद महाराज की तबीयत अचानक खराब होने के बाद उनकी नियमित पदयात्रा और एकांतिक दर्शन को फिलहाल रोक दिया गया है। इस खबर के सामने आते ही देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं में चिंता और मायूसी का माहौल देखने को मिला।
रविवार देर रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाराजजी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे। रोजाना की तरह भक्त तड़के तीन बजे उनकी पदयात्रा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इस बार प्रेमानंद महाराज बाहर नहीं आए। कुछ देर बाद आश्रम के शिष्यों ने लाउडस्पीकर के जरिए जानकारी दी कि महाराजजी अस्वस्थ हैं और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आराम दिया जा रहा है।
आश्रम प्रशासन के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। हाल के दिनों में उनकी तबीयत में अचानक गिरावट आने के कारण पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला लिया गया है।
Premanand Maharaj Health Update : शिष्यों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आश्रम के बाहर भीड़ न लगाएं और व्यवस्था बनाए रखें। घोषणा के बाद कई श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही लौट गए। कई भक्त भावुक नजर आए और महाराजजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते दिखाई दिए।
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा विशेष आस्था का केंद्र मानी जाती है। वह रोजाना केली कुंज आश्रम से पैदल सौभरी वन तक जाते थे और रास्ते में हजारों श्रद्धालु उनके दर्शन करते थे। उनकी एक झलक पाने के लिए हर दिन बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पहुंच जाते हैं।
प्रेमानंद महाराज का जन्म कानपुर जिले के एक गांव में हुआ था। बचपन में उनका नाम अनिरुद्ध पांडेय था। कम उम्र से ही उनका झुकाव अध्यात्म की ओर रहा और बाद में सन्यास ग्रहण कर वह वृंदावन आ गए। भक्ति, सत्संग और प्रवचनों के जरिए उन्होंने देश-विदेश में लाखों श्रद्धालुओं के बीच खास पहचान बनाई।
सोशल मीडिया पर भी उनके प्रवचनों और भक्ति संदेशों को बड़ी संख्या में लोग सुनते हैं। कई प्रसिद्ध कलाकार, खिलाड़ी और फिल्मी हस्तियां भी उनके अनुयायियों में शामिल हैं। फिलहाल भक्त उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


