
चंडीगढ़, 9 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Weather Update : पंजाब में पिछले दिनों हुई बारिश और तेज हवाओं के बाद मौसम कुछ दिन ठंडा बना रहा, लेकिन अब एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य में दोबारा मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से 11 से 14 मई तक पंजाब के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 10 मई को मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 11 मई को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। इसके अलावा 12 मई को भी गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में तेज हवाओं और खराब मौसम के आसार जताए गए हैं।
Weather Update : गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग ने कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी व्यक्त की है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
पहले बढ़ेगा तापमान, फिर मिलेगी राहत
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि इसके बाद राज्य में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


