
चंडीगढ़, 6 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab political controversy : पंजाब में एक सप्ताह के भीतर हुए लगातार तीन धमाकों के बाद राज्य की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर भगवंत मान सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पलटवार करते हुए इन घटनाओं के पीछे भाजपा की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया है।
“पंजाब में माहौल खराब करने की कोशिश”
श्री आनंदपुर साहिब में शुक्राना यात्रा की शुरुआत के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में डर और तनाव का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों से पहले ऐसी रणनीति अपनाती है, जिससे लोगों में भय और अस्थिरता फैले।
भगवंत मान ने कहा, “बंगाल में चुनाव खत्म हो चुके हैं और अब पंजाब की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। हालिया ब्लास्ट घटनाएं भाजपा की चुनावी तैयारी का हिस्सा लगती हैं।”
“डर की राजनीति करती है BJP”
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जहां भी राजनीतिक जमीन तलाशती है, वहां पहले तनाव और टकराव का माहौल तैयार किया जाता है।
उन्होंने कहा, “बीजेपी डर और हिंसा का माहौल बनाकर वोट हासिल करना चाहती है। पंजाब पहले ही आतंकवाद और हिंसा का कठिन दौर देख चुका है। यहां के लोगों के जख्म अभी पूरी तरह भरे नहीं हैं, इसलिए ऐसी राजनीति से बचना चाहिए।”
Punjab political controversy : भाईचारे और शांति का संदेश
सीएम मान ने कहा कि पंजाब हमेशा से “सरबत दा भला” और भाईचारे की भावना वाला राज्य रहा है। यहां के लोग शांति और एकता में विश्वास रखते हैं और राज्य में अस्थिरता फैलाने की कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे।
बेअदबी कानून का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने राज्य में बनाए गए सख्त बेअदबी कानून का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कानून मजबूत किए जाने के बाद धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिशों पर काफी हद तक रोक लगी है।
उनका कहना था कि पहले कुछ ताकतें बेअदबी की घटनाओं के जरिए समाज में तनाव फैलाने की कोशिश करती थीं, लेकिन अब कड़े कानूनों के कारण ऐसा करना आसान नहीं रहा।
जांच एजेंसियां अलर्ट पर
पंजाब में हालिया धमाकों के बाद पुलिस, इंटेलिजेंस एजेंसियां और सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं। कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और धमाकों के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच अब पूरे राज्य की नजर जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और आने वाले सुरक्षा कदमों पर टिकी हुई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


