
चंडीगढ़, 28 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Railway Alert : पटियाला में बीती रात रेलवे ट्रैक पर हुए रहस्यमयी धमाके के बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। किसी भी संभावित खतरे या साजिश को रोकने के लिए राज्य के बड़े रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है।
अमृतसर रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई सुरक्षा
अमृतसर रेलवे स्टेशन पर सरकारी रेलवे पुलिस (GRP), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया है। स्टेशन परिसर में आने वाले हर यात्री की तलाशी ली जा रही है और उनके सामान की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां गुजरने वाली ट्रेनों पर भी कड़ी नजर रख रही हैं और सभी प्लेटफॉर्म पर पुलिस बल बढ़ा दिया गया है।
मृत युवक की पहचान को लेकर जांच
सूत्रों के मुताबिक पटियाला ब्लास्ट में मारे गए युवक की पहचान जगरूप सिंह के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह तरन तारन के गांव पंजवाड़ का रहने वाला था। हालांकि पंजाब पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।
Punjab Railway Alert : एंटी-सैबोटेज टीमें तैनात
रेलवे डीएसपी अरविंदर सिंह ने बताया कि घटना के बाद अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। सरकारी रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की विशेष टीमें लगातार स्टेशनों और ट्रेनों में पेट्रोलिंग कर रही हैं। साथ ही एंटी-सैबोटेज टीमों को भी तैनात किया गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस सामान दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। प्रशासन का कहना है कि जनता की सतर्कता ऐसे मामलों को रोकने में बेहद अहम साबित हो सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


