
चंडीगढ़, 28 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- AAP MLAs Meeting : आम आदमी पार्टी में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच पंजाब इकाई में हलचल तेज हो गई है। 7 राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद अब नेतृत्व संभावित टूट को रोकने में जुट गया है। इसी कड़ी में मनीष सिसोदिया ने 29 अप्रैल को जालंधर में सभी विधायकों, ब्लॉक ऑब्जर्वर्स और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों की आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल होंगे।
हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि हालिया घटनाक्रम के बाद विधायकों की स्थिति और पार्टी के भीतर माहौल को लेकर चर्चा हो सकती है। इससे पहले जालंधर में हुई एक बैठक को लेकर यह दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कुछ विधायकों को छोटे स्तर पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर फटकार लगाई थी।
राघव चड्ढा के दावे से बढ़ी चिंता
राघव चड्ढा के पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। उनके करीबी सूत्रों का दावा है कि पंजाब के 94 आम आदमी पार्टी विधायकों में से 60 से ज्यादा विधायक उनके संपर्क में हैं। हालांकि राघव चड्ढा ने इस पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।
AAP MLAs Meeting : संदीप पाठक फैक्टर भी अहम
संदीप पाठक के भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने को पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उनके पास पंजाब के हर विधायक की विस्तृत जानकारी है, जिससे पार्टी के अंदरूनी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। अब सभी की नजर 29 अप्रैल को जालंधर में होने वाली इस अहम बैठक पर टिकी है, जहां पार्टी भविष्य की रणनीति तय कर सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


