
पटियाला, 28 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Railway Track Blast : पटियाला जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राजपुरा और शम्भू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCIL) रेलवे ट्रैक पर देर रात जोरदार धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जांच के दौरान पुलिस को ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, जिसकी हालत बेहद क्षत-विक्षत थी। धमाका इतना तेज था कि शव के अंग अलग-अलग जगहों पर बिखरे मिले।
SSP ने क्या कहा?
वरुण शर्मा ने बताया कि धमाके से रेलवे ट्रैक को भी कुछ नुकसान पहुंचा है। यह घटना रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए बने विशेष रेल ट्रैक के पास हुई। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह कम तीव्रता का विस्फोट लग रहा है, लेकिन मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके।
Railway Track Blast : पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
इससे पहले जनवरी में सरहिंद में भी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ट्रैक पर धमाका हुआ था, जिसमें ट्रेन इंजन को नुकसान पहुंचा था और एक लोको पायलट घायल हो गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
सुरक्षा बढ़ाई गई
राजपुरा और शम्भू ट्रैक के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच कर रही हैं कि यह हादसा था या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सबूत जुटा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


