
नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- AAP MPs Join BJP : आम आदमी पार्टी (AAP) को राज्यसभा में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत पार्टी के 7 बागी सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के प्रस्ताव को राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने आधिकारिक मंजूरी दे दी है। राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के बाद इन सातों नेताओं के नाम अब आधिकारिक तौर पर बीजेपी सांसदों की सूची में दर्ज कर दिए गए हैं।
राज्यसभा में BJP की संख्या बढ़कर 113
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है, जिसमें 5 राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं। बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं में अशोक कुमार मित्तल, राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने औपचारिक रूप से बीजेपी जॉइन करने का ऐलान किया था, जिसके बाद बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका स्वागत किया।
AAP के पास बचे सिर्फ 3 सांसद
इस बड़े उलटफेर के बाद अब आम आदमी पार्टी के पास राज्यसभा में केवल तीन सांसद बचे हैं, जिनमें संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह शामिल हैं।
AAP MPs Join BJP : संजय सिंह ने उठाए सवाल
संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी प्रक्रिया को गैर-कानूनी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने नियमों के खिलाफ जाकर यह कदम उठाया है और सभी 7 बागी सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की।
भगवंत मान का बड़ा हमला
भगवंत मान ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राघव चड्ढा को ‘गद्दार’ बताते हुए पार्टी से विश्वासघात का आरोप लगाया। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद मुंबई में राघव चड्ढा के घर के बाहर AAP कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


