
नई दिल्ली | 27 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Lockdown Update : देश में संभावित लॉकडाउन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। केंद्रीय मंत्री Kiren Rijiju ने साफ कहा है कि देश में फिलहाल लॉकडाउन लगाने का कोई फैसला नहीं लिया गया है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।
अफवाहों को बताया बेबुनियाद
केंद्रीय मंत्री ने लॉकडाउन को लेकर चल रही अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा,
“नहीं, बिल्कुल नहीं। यह सब अफवाहें हैं। प्रधानमंत्री ने खुद कहा है कि पैनिक होने की जरूरत नहीं है।”
Lockdown Update : पीएम मोदी ने ‘टीम इंडिया’ पर दिया जोर
हाल ही में लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक हालात को लेकर चिंता जताई थी और कहा था कि आने वाला समय देश के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताते हुए ‘टीम इंडिया’ की भावना से काम करने पर जोर दिया।
कोरोना काल का दिया उदाहरण
प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि देश ने पहले भी एकजुट होकर कठिन परिस्थितियों का सामना किया है और आगे भी उसी भावना की जरूरत है।
जमाखोरी पर सख्त चेतावनी
किरण रिजिजू ने बताया कि सरकार ने जमाखोरी करने वालों को सख्त चेतावनी दी है और राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की कृत्रिम कमी पैदा न होने दी जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
Lockdown Update : हर स्तर पर निगरानी
सरकार के मुताबिक स्थिति पर टॉप लेवल से लेकर ग्राउंड लेवल तक लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी एजेंसियां सतर्क हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम देश के सभी मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक भी करने वाले हैं, जिसमें मौजूदा हालात और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
सरकार ने साफ संदेश दिया है कि देश में हालात नियंत्रण में हैं और लॉकडाउन की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


