
चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Weather Update : पंजाब में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप के चलते तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन अब हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश या धुंध को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हालांकि 14 और 15 फरवरी को अमृतसर-अंबाला और अंबाला-दिल्ली हाईवे के आसपास आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
Punjab Weather Update : 16 फरवरी की रात से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंच चुका है, जबकि दूसरा 16 फरवरी से सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 17 फरवरी से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। 18 फरवरी को भी वर्षा के आसार बने हुए हैं। विशेष रूप से पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान सामान्य से ऊपर
पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक बना हुआ है। फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





