
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Bharat Bandh : भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर सियासत और किसान संगठनों के बीच टकराव तेज हो गया है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने इस समझौते के विरोध में गुरुवार, 12 फरवरी को देशव्यापी भारत बंद का आह्वान किया है। संगठन का आरोप है कि यह समझौता भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ है और सस्ते विदेशी आयात से घरेलू कृषि को नुकसान पहुंचेगा।
‘किसानों के साथ विश्वासघात’ – हन्नान मोल्लाह
SKM के संयोजक Hannan Mollah ने कहा कि संगठन इस समझौते का कड़ा विरोध करता है। उनका दावा है कि इससे भारतीय कृषि सस्ते अमेरिकी उत्पादों के प्रति कमजोर हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अमेरिकी दबाव के आगे समर्पण कर दिया है और यह समझौता किसानों के साथ विश्वासघात है।
मोल्लाह ने केंद्रीय मंत्री Piyush Goyal के इस्तीफे की मांग भी की। उन्होंने बताया कि 4 फरवरी से 11 फरवरी तक देशभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका समापन 12 फरवरी के भारत बंद के साथ होगा। उनका कहना है कि अमेरिका, यूरोपीय संघ और न्यूजीलैंड के साथ हुए व्यापार समझौतों का अध्ययन करने के बाद SKM शुरू से ही इनके विरोध में रहा है। ऐसे समझौते कमजोर अर्थव्यवस्थाओं के लिए लाभकारी नहीं होते।
Bharat Bandh : सरकार का जवाब – ‘किसानों का हित पूरी तरह सुरक्षित’
वहीं, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री Piyush Goyal ने इस अंतरिम व्यापार ढांचे का बचाव करते हुए कहा कि किसानों और डेयरी सेक्टर के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के आर्थिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि दूध, चीज, मक्खन, घी, दही और व्हे जैसे डेयरी उत्पादों के साथ-साथ गेहूं, चावल, मक्का, जौ, ओट्स, ज्वार और मोटा अनाज जैसे प्रमुख कृषि उत्पादों को टैरिफ रियायत से बाहर रखा गया है। कई सब्जियां, फ्रोजन और संरक्षित खाद्य पदार्थों के अलावा काली मिर्च, जीरा, हल्दी, अदरक, धनिया और सरसों जैसे मसालों को भी सुरक्षित रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि समझौते के तहत आनुवंशिक रूप से संशोधित (GM) खाद्य उत्पादों को अनुमति नहीं दी जाएगी। मंत्री के अनुसार, यह डील घरेलू किसानों की रक्षा करेगी, स्थानीय कृषि को मजबूत बनाएगी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगी। अब 12 फरवरी को होने वाले भारत बंद के दौरान यह साफ होगा कि इस मुद्दे पर किसानों और सरकार के बीच टकराव किस दिशा में जाता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





