
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट): Jalandhar New Divisional Commissioner Ramveer Singh : 2009 बैच के आईएएस अधिकारी रामवीर सिंह ने आज जालंधर के नए डिविजनल कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाला। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता जताई। गौरतलब है कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रामवीर सिंह को प्रशासनिक कार्यों का लंबा और व्यापक अनुभव है। वे जनसेवा के प्रति अपनी सक्रिय, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वे राज्य सरकार में डिप्टी कमिश्नर पटियाला, संगरूर, पठानकोट, साथ ही मार्कफेड के मैनेजिंग डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे पंजाब मंडी बोर्ड के सचिव और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पंजाब के सचिव के पद पर कार्यरत थे।

कार्यभार संभालने के बाद डिविजनल कमिश्नर रामवीर सिंह ने कहा कि आम लोगों को स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह सेवाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और लोगों की खुशहाली के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। राज्य सरकार की जनहितैषी और कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने पर विशेष जोर दिया जाएगा तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रभावी प्रणाली विकसित की जाएगी।

Jalandhar New Divisional Commissioner Ramveer Singh : उन्होंने आगे कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों तक पहुंचाना उनकी मुख्य जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही सरकारी विभागों के कामकाज को अधिक सुगम बनाकर आम जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर जालंधर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने डिविजनल कमिश्नर का स्वागत किया। इससे पहले पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर आशिका जैन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विमल कुमार सेतिया, अतिरिक्त निदेशक संदीप गढ़ा, डीसीपी नरेश डोगरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





