
तेल अवीव/तेहरान (वीकैंड रिपोर्ट) Israel attacks Iran : मध्य-पूर्व में तनाव ने खतरनाक मोड़ ले लिया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने घोषणा की है कि इजरायल ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे देश में विशेष व तत्काल आपातकाल लागू कर दिया गया है। इस बीच ईरान की राजधानी तेहरान में जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिसकी पुष्टि अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों ने भी की है।
इजरायली रक्षा बल (IDF) ने बताया कि संभावित ईरानी जवाबी मिसाइल हमलों के खतरे को देखते हुए पूरे इजरायल में सायरन बजाए गए और नागरिकों के मोबाइल फोन पर अलर्ट भेजकर सुरक्षित स्थानों के पास रहने की चेतावनी दी गई।
Israel attacks Iran Tehran explosions emergency declared : तेहरान में दिनदहाड़े हमला, खामेनेई कार्यालय के पास धमाका
ईरानी मीडिया के अनुसार शनिवार को दिन में हुए इजरायली हमले के बाद तेहरान के डाउनटाउन इलाके में धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहला हमला ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय के पास हुआ। देश के कई हिस्सों में भी हमलों की खबरें सामने आई हैं।

महीनों से बन रही थी योजना
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार एक इजरायली रक्षा अधिकारी ने बताया कि ईरान पर हमले की तारीख कई सप्ताह पहले तय कर ली गई थी और इस ऑपरेशन की तैयारी महीनों से चल रही थी। इजरायल का दावा है कि हमले उन सैन्य ठिकानों पर किए गए, जहां से ईरान इजरायल के खिलाफ हमले की योजना बना रहा था।
ईरान में संचार बाधित, राष्ट्रपति परिसर भी निशाने पर
हमले के बाद ईरान में मोबाइल फोन सेवाएं बाधित कर दी गईं। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि ईरान के राष्ट्रपति परिसर समेत कई संवेदनशील प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया।
इजरायल ने हवाई क्षेत्र बंद किया, अस्पताल अलर्ट पर
संभावित बड़े संघर्ष की आशंका के बीच इजरायल ने नागरिक उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है और तेल अवीव से उड़ानों को अन्य स्थानों पर मोड़ा गया। देश के कई अस्पतालों ने आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू करते हुए मरीजों और सर्जरी को भूमिगत सुरक्षित सुविधाओं में स्थानांतरित कर दिया है।
इजरायल-ईरान के बीच सीधी सैन्य टकराव की यह स्थिति मध्य-पूर्व में व्यापक युद्ध के खतरे को बढ़ा रही है और वैश्विक सुरक्षा पर गंभीर असर डाल सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


