
कपूरथला (वीकेंड रिपोर्ट) Murder in Kapurthala। शहर के लाहौरी गेट क्षेत्र में रविवार शाम एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की सहायता से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जतिंद्र सहगल उर्फ जिंदर, निवासी लाहौरी गेट, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब चार बजे कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
Murder in Kapurthala
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल जिंदर को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश है। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही आपसी दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
Murder in Kapurthala : मामले में डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने तीन संदिग्ध हमलावरों की पहचान कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
जतिंद्र सहगल की हत्या से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों के अनुसार उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसके बाद घर की पूरी जिम्मेदारी जिंदर के कंधों पर आ गई थी। वह अपनी छह बहनों का इकलौता भाई था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी वही संभाल रहा था।
जिंदर दो मासूम बेटियों के पिता भी थे। उनकी आय से ही परिवार का खर्च चलता था। उनके असामयिक निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
सिविल अस्पताल में भाई की मौत की खबर सुनकर बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि अब परिवार का सहारा कौन बनेगा। वहीं बेटियों के सिर से पिता का साया उठ जाने का दर्द अस्पताल में मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


