
भोगपुर (वीकैंड रिपोर्) Bhogpur protest Against CNG plant — प्रस्तावित CNG प्लांट के विरोध में आज भोगपुर शहर पूरी तरह बंद रहा। शहरवासियों ने एकजुटता दिखाते हुए दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और रेहड़ी-फड़ी तक को बंद रखा और दिनभर तीखा विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से ही बाजार और गलियां सूनी नजर आईं, जिससे बंद को व्यापक समर्थन मिलने का संकेत मिला।
भोगपुर मार्केट एसोसिएशन ने एक दिन पहले बैठक कर लोगों को प्लांट से संभावित पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी खतरों के बारे में जागरूक किया था और बंद का आह्वान किया था। इस आह्वान को व्यापारियों, किसानों और आम जनता का भरपूर समर्थन मिला।

आज जंज घर में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में शहरवासी, किसान संगठन, व्यापार मंडल, सामाजिक संस्थाएं और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि CNG प्लांट लगने से इलाके का पानी और हवा प्रदूषित होने का खतरा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के अन्य स्थानों पर ऐसे प्लांट सही ढंग से संचालित नहीं हो रहे और पर्यावरण संबंधी समस्याएं पैदा कर रहे हैं।

आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने कहा कि वे इस मुद्दे को पहले भी विधानसभा में उठा चुके हैं और भोगपुर के लोगों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जमीन और जल स्रोतों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सभा में सभी दलों के नेताओं ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक स्वर में प्लांट का विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि लोगों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


