

जालंधर, 2 अगस्त (वीकेंड रिपोर्ट) Jalandhar North Shukrana Yatra Stone Pelting: हाल ही में आम आदमी पार्टी द्वारा जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र का हल्का इंचार्ज नियुक्त किए गए शहर के मेयर वनीत धीर ने रविवार को क्षेत्र में ‘शुक्राना यात्रा’ निकालकर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। यात्रा के दौरान श्री देवी तालाब मंदिर के बाहर अचानक कुछ शरारती तत्वों द्वारा मेयर के समर्थकों पर ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने की घटना सामने आई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पथराव करने वाले कुछ लोगों को पूर्व हल्का इंचार्ज दिनेश ढल्ल के समर्थक बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वे आम आदमी पार्टी द्वारा वनीत धीर को जालंधर नॉर्थ का नया हल्का इंचार्ज बनाए जाने से नाराज थे। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Jalandhar North Shukrana Yatra Stone Pelting
घटना के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया तथा स्थिति को नियंत्रित किया गया। खबर लिखे जाने तक हालात सामान्य बताए जा रहे थे, लेकिन क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ था।

उधर, इस घटनाक्रम के बावजूद मेयर वनीत धीर ने अपनी शुक्राना यात्रा को बीच में नहीं रोका और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा जारी रखी। उन्होंने प्रीत नगर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा इसके बाद बाबा सोढल मंदिर में भी नतमस्तक होकर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। यदि पथराव और हमले के संबंध में कोई शिकायत दर्ज होती है तो मामले में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


